MP : लोकायुक्त का रिश्वतखोर इंजीनियर पर शिकंजा, 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, एरियर्स के बदले मांगे थे ₹50 हजार

कटनी। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने सोमवार को कटनी में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री (EE) व्हीए सिद्दीकी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कार्यपालन यंत्री के निजी आवास पर की गई, जहां वे विभाग के ही एक रिटायर्ड कर्मचारी से उसके जायज पैसों के बदले कमीशन की मांग कर रहे थे।

लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता कुंवर लाल जल संसाधन विभाग में दैनिक वेतन भोगी स्थाई कर्मी के पद पर पदस्थ था। सेवानिवृत्त होने के बाद भी उसे वर्ष 2016 से अपने एरियर्स की राशि का इंतजार था। काफी समय तक विभाग के चक्कर काटने के बाद पीड़ित ने न्याय के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

हाई कोर्ट के आदेश के बाद भी अटकाया काम
माननीय हाई कोर्ट ने वर्ष 2025 में कुंवर लाल के पक्ष में फैसला सुनाते हुए एरियर्स भुगतान का आदेश जारी किया था। इस आदेश के तहत कर्मचारी को लगभग सात से आठ लाख रुपये की राशि मिलनी थी। जब कुंवर लाल इस राशि के भुगतान के लिए कार्यपालन यंत्री व्हीए सिद्दीकी के पास पहुंचा, तो यंत्री ने भुगतान करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग रख दी।

लोकायुक्त की घेराबंदी और गिरफ्तारी
भ्रष्टाचार से परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत लोकायुक्त जबलपुर में की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद सोमवार को लोकायुक्त की 12 सदस्यीय टीम तीन गाड़ियों में सवार होकर कटनी पहुंची। जैसे ही कुंवर लाल ने कार्यपालन यंत्री के घर पहुंचकर रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये उन्हें थमाए, पहले से तैयार लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles