MP : कैलाश विजयवर्गीय बोले- 15 अगस्त को कटी-फटी आजादी मिली थी, एक दिन इस्लामाबाद पर तिरंगा फहराएंगे

इंदौर। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि एक दिन ऐसा भी आएगा, जब इस्लामाबाद पर तिरंगा फहराया जाएगा। तब अखंड भारत का सपना पूरा होगा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 को हमें कटी-फटी आजादी मिली थी।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर श्रमिक क्षेत्र में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें मंत्री विजयवर्गीय ने देशभक्ति गीत ‘ये देश है वीर जवानों का’ और ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ गाकर माहौल को जोश से भर दिया।
बाल कलाकार हार्दिक सपकाले ने सैक्सोफोन पर ‘मेरा कर्मा तू, मेरा धर्मा तू’ बजाकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। रात 12 बजे आतिशबाजी की गई, जबकि युवा कवियों ने वीर रस की कविताओं से कार्यक्रम को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम देर रात तक चला।

गलत नीतियों के कारण भारत माता के दो टुकड़े
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा – ‘गलत नीतियों के कारण भारत माता के दो टुकड़े हुए। जिस आज़ादी के लिए भगत सिंह फंदे पर झूले, वह हमें 15 अगस्त को नहीं मिली। हमें अधूरी आज़ादी मिली थी। हम अखंड भारत की कल्पना करते हैं और वह दिन आएगा, जब इस्लामाबाद पर तिरंगा झंडा लहराएगा। मोदी सरकार के नए भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को नष्ट किया है और ड्रोन व मिसाइल हमलों का जवाब इस तरह दिया कि हमारे सैनिकों को खरोंच तक नहीं आई।’

Exit mobile version