MP : उज्जैन में भीड़ ने भाजपा विधायक को घेरा, सडक़ चौड़ीकरण के खिलाफ फूट-फूट कर रोई महिलाएं

उज्जैन। उज्जैन के पिपलीनाका क्षेत्र में सडक़ चौड़ीकरण के लिए लगाए गए निशान के बाद स्थानीय रहवासियों में भारी गुस्सा है। गुरुवार को इस मुद्दे पर करीब 400 से ज्यादा लोग विरोध दर्ज कराने के लिए क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के आगर रोड स्थित दफ्तर जा पहुंचे।
विधायक ने लोगों को समझाइश दी और कार से कहीं जाने लगे। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने उनकी गाड़ी को बीच में ही रोक लिया। लोग विधायक को भाजपा कार्यालय भी ले गए यहां महिलाएं रोते हुए दफ्तर के भीतर घुस गईं और जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
दरअसल, नगर निगम ने मंगलवार को पिपलीनाका से गढक़ालिका और भैरवगढ़ मार्ग पर सडक़ चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले लोगों को नोटिस जारी किए थे। भवन स्वामियों को निर्देश दिए गए कि वे प्रभावित हिस्से को सात दिनों के भीतर खुद ही खाली कर दें।स्थानीय लोगों के अनुसार कई मकानों का 10 से 20 फीट तक हिस्सा सडक़ चौड़ीकरण में आ रहा है। इससे कई परिवारों के मकान और रोजी-रोटी पर असर पडऩे की संभावना जताई जा रही है।
विधायक बोले- समाधान की कोशिश करेंगे
विरोध प्रदर्शन के दौरान कई महिलाएं अपना घर टूटने के डर से रोती-बिलखती नजर आईं। उन्होंने विधायक से कहा कि हमने वोट देकर आपको चुना, लेकिन अब हमारे घरों को ही तोड़ा जा रहा है। विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने प्रदर्शनकारियों की बात सुनने के बाद कलेक्टर रोशन सिंह से फोन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि वे प्रभावित लोगों को कलेक्टर से मिलवाएंगे और इस मुद्दे पर समाधान निकालने की कोशिश करेंगे।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles