भोपाल। कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें आज से फिर बढ़ गई है। मध्य प्रदेश में यह 44 रुपए तक महंगा हुआ है। भोपाल में अब 3116.50 रुपए में सिलेंडर मिलेगा। वहीं, इंदौर में 3222.50 रुपए, जबलपुर में 3290 रुपए, ग्वालियर में 3338.50 रुपए और उज्जैन में 3250 रुपए कीमत हो गई है।
तीन महीने में रेट करीब 1300 रुपए तक बढ़े हैं। इससे पहले 1 मई को रेट बढ़े थे। सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ने से खाना महंगा हो गया है। भोपाल में ही खाना 10 से 15 प्रतिशत तक महंगा हुआ है। जुलाई तक प्रदेश में 20 हजार से ज्यादा शादियां होनी हैं, ऐसे में आम लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
5 किलो वाला फ्री ट्रेड LPG सिलेंडर 11 रुपए महंगा
FTL सिलेंडर की कीमत 11 रुपए बढ़कर ₹821.50 हो गई है। पहले इसकी कीमत ₹810.50 थी। FTL सिलेंडर को छोटू सिलेंडर भी कहते हैं जिसे कोई भी बिना एड्रेस प्रूफ के ले सकता है। इनका ज्यादातर इस्तेमाल प्रवासी मजदूर, छात्र या छोटे दुकानदार करते हैं। इसी 5 किलो वाले छोटे सिलेेंडर को रेगुलर कनेक्शन के साथ लेने पर इसके दाम ₹339 पर स्थिर हैं।
