भोपाल। शाजापुर जिले के शुजालपुर में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा हमला बोला। पटवारी ने उन्हें ‘मोहन लाल अभिनंदन यादव’ कहा था, इस पर पलटवार करते हुए सीएम ने कहा- हां, हम तो अभिनंदन लाल हैं, तुम टपोरी लाल हो।
मुख्यमंत्री ने कहा- प्रदेश में विकास की बयार चल रही है, लेकिन कांग्रेस उसका भी विरोध कर रही है। उन्होंने जीतू पटवारी को निशाने पर लेते हुए कहा- ऐसा प्रदेशाध्यक्ष नहीं देखा, जिसके कार्यकाल में इंदौर लोकसभा सीट का उम्मीदवार चुनाव मैदान छोड़कर भाग जाए।
सीएम ने कहा- कांग्रेस को उम्मीदवार तक नहीं मिल रहे, जो नेता अपनी विधानसभा सीट नहीं बचा पाया और 40 हजार वोट से हार गया, वही आज प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बना हुआ है। कांग्रेस अपने कर्मों का फल भुगत रही है, इसलिए उसका जनाधार लगातार सिमट रहा है।
सीएम के इस बयान पर कांग्रेस नेता भड़क गए हैं। कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से लेकर तमाम विधायक और पदाधिकारी मुख्यमंत्री के बयान की निंदा कर रहे हैं। रविवार रात से ही अलग-अलग जिलों में सीएम का पुतला दहन किया जा रहा है। भोपाल में अलग-अलग जगह पर कांग्रेस कार्यकर्ता सीएम के इस बयान के विरोध में पुतला दहन कर प्रदर्शन करेंगे।
जीतू पटवारी बोले- आपने मुझे गालियां दीं
सीएम मोहन के बयान पर जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पलटवार किया। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री जी, आपने मुझे रद्दी कहा, दो कौड़ी का कहा और गालियां भी दीं, तो क्या किसान के बेटे आपके लिए रद्दी और दो कौड़ी के हैं ही? चुनाव तो अटल जी भी हारे थे तो यह शब्द उनके लिए भी हैं या नहीं?
जीतू ने जारी किया वीडियो संदेश, कहा- कहीं भी पुतला न जलाएं…
इस बीच जीतू पटवारी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा- कल मोहन यादव ने जिस तरीके की मेरे खिलाफ बयानबाजी की। मैं समझता हूं, वो उनके काम करने का तरीका होगा, अगर उन्होंने मेरे खिलाफ घृणा व्यक्त की है तो यह उनकी अपनी सोच और विचार है।
इस बीच मैंने पढ़ा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के पुतले जलाए जा रहे हैं। मैं सबसे हाथ जोड़कर विनम्र प्रार्थना करता हूं। कहीं किसी प्रकार का पुतला नहीं जलाना है। इसके पीछे सोच क्या है? हम गांधीवादी लोग हैं। गांधी की सोच को लेकर हम आगे बढ़ते हैं।
घृणा का जवाब घृणा नहीं हो सकता…
जीतू ने कहा- भगवान राम, कृष्ण, महावीर गुरुनानक देव जी सारे देवी देवताओं ने हमें कहा कि हिंसा का प्रतिकार करना है। घृणा का जवाब घृणा नहीं हो सकता। उनकी भाषा का जवाब पुतला जलाना नहीं हो सकता है, अगर हम अपना दायित्व निभा रहे हैं।
हम गांधीवादी हैं, गोडसे वादी नहीं…
पटवारी ने कहा- हम विपक्ष में हैं तो किसानों की पीड़ा, शिक्षा, स्वास्थ्य की बदहाली की बात करना है। ये दृढ़ता से करना है। एक कदम पीछे नहीं हटना है। हमें हिंसा नहीं फैलानी है। जब पुतला जलता है तो हिंसा का पुट अपने आप आता है। गांधीवादी और गोडसे वादी लोगों में क्या अंतर बचेगा? अगर हम इस तरीके से इसका प्रतिकार करेंगे?
मुख्यमंत्री पद का सम्मान करें
जीतू ने कहा- हमारा विपक्ष का दायित्व है। हम सब मिलकर दृढ़ता से पार्टी के विचार को आगे ले जाएंगे। मोहन यादव हमारे मुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री का पद एक गरिमा का पद होता है। उसका सम्मान रखना हम सबका दायित्व है। सत्ता और विपक्ष एक अलग कहानी है, लेकिन मप्र तो एक है, इसलिए किसी भी प्रकार का पुतला दहन का कार्यक्रम कैंसल करें।
भाजपा नेताओं को फूल दो, माला दो…
पटवारी ने कहा- भाजपा के नेताओं को फूल दो, माला दो, उनका अलग-अलग गांधीवादी तरीके से विरोध करो। हिंसा, पुतला, घृणा ये कांग्रेस की सोच ही नहीं हैं। राहुल गांधी ने कहा कि हमें अपनी मोहब्बत की दुकान खोलना है। बीजेपी, मोहन यादव और शिवराज सिंह चौहान को घृणा की दुकान चलाना है। अंतर को समझें, पूरे प्रदेश में कहीं भी पुतला नहीं जलाना है। हार फूल से इनका प्रतिकार करना है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बोले- मर्यादा पटवारी तोड़ते हैं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने X पर लिखा- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी प्रतिदिन राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ते हैं। स्वयं जीतू पटवारी तय करें कि कौन राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ता आ रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकसित प्रदेश की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वे मध्य प्रदेश सरकार के विकास से विचलित हैं और इसीलिए लगातार मर्यादा तोड़ते जा रहे हैं। दूसरों पर उंगली उठाने से पहले वह खुद की भाषा पर संयम रखना सीखें।
जीतू ने दिया था ‘अभिनंदन लाल’ नाम
बता दें कि हाल ही में सतना में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के लिए मंच से तालियां बजवाई थीं। उन्होंने लोगों से पूछा था कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को कौन-कौन जानता है। इसके बाद उन्होंने उन्हें ‘मोहन लाल अभिनंदन यादव’ कहकर संबोधित किया था।
सीएम ने पीसीसी चीफ को कहा- दो कौड़ी का प्रदेशाध्यक्ष, तो पटवारी बोले- गांधीवादी तरीके से देंगे जवाब
