MP : ‘धीरेंद्र शास्त्री ने मंच से गालियां दीं, मारने धमकाया’, दामोदर यादव बोले- ठठरी बांध देना मतलब जला देना होता है…

भोपाल। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 7 नवंबर को दिल्ली के छतरपुर से सनातन एकता पदयात्रा शुरू करने जा रहे हैं। इस यात्रा को रुकवाने के लिए दलित पिछड़ा समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दामोदर यादव सोमवार को हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे।
भोपाल में दामोदर यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, धीरेंद्र शास्त्री ने हरियाणा के एक मंच पर मुझे गालियां दीं। मारने की धमकी दी। धीरेंद्र ने कहा कि जो श्रीमान हमारी यात्रा रोकना चाहते हैं, मेरे पास उसका मोबाइल नंबर नहीं है, नहीं तो मैं फोन करके मोबाइल पर ही ठठरी बार देता।
दामोदर ने कहा – मैं बुंदेलखंड से आता हूं, ठठरी बार देने का मतलब होता है आदमी को जला देना। किसी नालायक की भाषा ऐसी हो सकती है। वे कहते हैं कि अछूत हमसे दूर हो जा।
यात्रा रोकने की मांग पर शास्त्री ने कहा था- छोड़ेंगे नहीं
दामोदर यादव ने मंगलवार को धीरेंद्र शास्त्री की यात्रा को रोकने की मांग की थी। इस संबंध में राष्ट्रपति को पत्र लिखने और भोपाल में बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी भी दी थी। पलटवार करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने बुधवार को हरियाणा में कथा के दौरान कहा था – लोग यात्रा रोकने के लिए कोर्ट जाने की धमकी दे रहे हैं। उन्हें पता ही नहीं है कि हम बहुत टेढ़े आदमी हैं। उन्हें छेड़ना नहीं चाहिए था, छेड़ा है तो हम छोड़ेंगे भी नहीं। आज वो 20 परसेंट हैं, आप 9 राज्यों में अल्पसंख्यक हो गए। जिस दिन वो 50 परसेंट पहुंच जाएंगे, तो आपके ब्रज में भी वही टोपी वाले दिखाई पड़ेंगे। भारत को बचाना है, अपनी संस्कृति को बचाना है, तो जातिवाद और भेदभाव से ऊपर उठकर हमको सनातनी बनना है।
शास्त्री देश में सांप्रदायिकता फैलाने का प्रयास कर रहे’
दामोदर यादव ने कहा, बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री एक यात्रा पहले निकाल चुके हैं और फिर से एक यात्रा निकाल रहे हैं, जिसको उन्होंने हिंदू एकता सनातन एकता यात्रा नाम दिया है। उनका कहना है कि हम हिंदू राष्ट्र बनाने को लेकर यह यात्रा कर रहे हैं। हमारे संगठन और भीम आर्मी आजाद समाज पार्टी का मानना है भारत के संविधान के अनुसार धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है। देश को किसी एक धर्म का बनाने के लिए कोई यात्रा करता है तो वह गैर संवैधानिक है और धीरेंद्र शास्त्री इस देश में सांप्रदायिकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
‘शास्त्री हिंदू-मुस्लिम करना चाहते हैं’
दामोदर ने कहा हमारे दलित पिछड़ा समाज संगठन ने 20 तारीख को आज से लगभग 11 दिन पहले राष्ट्रपति को चिट्ठी लिखी थी, ईमेल भी किया था और उनसे आग्रह किया था कि इस यात्रा को रोका जाए। फिर तीन-चार दिन पहले हमने रिमाइंडर भेजा।
धीरेंद्र शास्त्री के बयान को आप सुनेंगे तो उसे आप समझेंगे कि वह देश में हिंदू-मुस्लिम करना चाहते हैं, सांप्रदायिकता फैलाना चाहते हैं। हिंदुओं को भयभीत करके मुसलमान के प्रति नफरत करने को मजबूर करना चाहते हैं।





