भोपाल। मध्य प्रदेश में आईएएस अधिकारियों को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। वर्तमान में खरगोन कलेक्टर के पद पर तैनात भव्या मित्तल का नाम एक निजी स्कूल के विज्ञापन में सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं।
11 जून 2026 को एक अखबार में प्रकाशित विज्ञापन में भव्या मित्तल के नाम से स्कूल की प्रशंसा करते हुए पढ़ाई, एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग और बच्चों के समग्र विकास को लेकर सकारात्मक टिप्पणियां प्रकाशित की गईं।
इस विज्ञापन के सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि क्या एक आईएएस अधिकारी किसी निजी संस्थान के प्रचार से जुड़ सकती हैं? क्या इस बयान के लिए उनकी अनुमति ली गई थी, या फिर एक अभिभावक के रूप में दी गई किसी प्रतिक्रिया का उपयोग विज्ञापन में किया गया?
फिलहाल इस मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है। वहीं जिला जनसंपर्क विभाग का कहना है कि अभी तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कलेक्टर भव्या मित्तल की ओर से भी इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कलेक्टर द्वारा निजी स्कूल का विज्ञापन बना विवाद की वजह…!
