UP : विधायक पूजा पाल की दूसरी ‘गलती’ अखिलेश ने नहीं की माफ, सपा से किया बाहर

लखनऊ। यूपी विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ में कसीदे पढ़ने वाली सपा विधायक पूजा पाल को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. कहा जा रहा है कि पूजा पाल की दूसरी ‘गलती’ को सपा ने माफ नहीं किया और सीएम योगी की तारीफ करने पर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया. सपा के मुताबिक, पूजा पाल ने पहली ‘गलती’ राज्यसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ बीजेपी को वोट करके किया था, जिसे पार्टी ने इग्नोर किया, लेकिन अब दूसरी ‘गलती’ नाकाबिले बर्दाश्त है.

समाजवादी पार्टी ने कौशांबी की चायल से विधायक पूजा पाल की दूसरी ‘खता’ माफ नहीं की, और सदन में योगी सरकार की तारीफ में कसीदे पढ़ने की वजह से उन्हें पार्टी से निकाल दिया. वहीं, अपनी बर्खास्तगी पर विधायक पूजा पाल ने कहा कि मैं केवल यह कहना चाहती हूं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में अतीक अहमद से पीड़ित परिवार के लोगों को न्याय दिलाने का काम किया है. जब सही होगा तो सही बोला जाएगा.

बता दें कि पूजा पाल पहले से ही समाजवादी पार्टी की ‘एग्जिट लिस्ट’ में मौजूद थीं. पिछली बार राज्यसभा वोटिंग के दौरान भी पूजा पाल ने क्रॉस वोटिंग कर बीजेपी के उम्मीदवार को वोट दिया था. इसके अलावा सपा के लगभग पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी. अखिलेश यादव ने उनमें से चार विधायकों पर कार्रवाई की थी. मगर पूजा पाल पर तब उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की थी. लेकिन यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में सीएम योगी की तारीफ करना, यह सपा में रहते हुए पूजा पाल की दूसरी खता/गलती थी, जिसे पार्टी ने घोर अनुशासनहीनता माना और पूजा पाल को अविलंब पार्टी से बाहर कर दिया.

Exit mobile version