संदीप रेड्डी वांगा भी हुए ‘राव बहादुर’ के मुरीद, बोले- “ऐसी फिल्में याद दिलाती हैं कि सिनेमा से प्यार क्यों हुआ”

महेश बाबू और नम्रता शिरोडकर के जीएमबी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी तेलुगु साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘राव बहादुर’ को रिलीज के बाद लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। निर्देशक वेंकटेश महा की इस फिल्म में सत्य देव मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का निर्माण ए+एस मूवीज और श्रीचक्रास एंटरटेनमेंट्स ने संयुक्त रूप से किया है। दर्शकों और समीक्षकों की सराहना के बीच अब फिल्म को निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा का भी समर्थन मिल गया है।
फिल्म को पहले ही कई फिल्मी हस्तियों से प्रशंसा मिल चुकी है और अब संदीप रेड्डी वांगा ने सोशल मीडिया पर इसकी खुलकर तारीफ करते हुए इसे ऐसी फिल्म बताया, जो दर्शकों को यह एहसास कराती है कि आखिर सिनेमा से प्रेम क्यों होता है। उनके इस पोस्ट के बाद फिल्म को मिल रही सकारात्मक चर्चा और मजबूत होती नजर आ रही है।
संदीप रेड्डी वांगा ने क्या कहा?
संदीप रेड्डी वांगा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने हाल ही में ‘राव बहादुर’ देखी और यह उन चुनिंदा फिल्मों में से है, जो सिनेमा के प्रति जुनून को फिर से जगा देती हैं। उन्होंने सभी सिनेमा प्रेमियों से अपील की कि वे अपनी जिंदगी के तीन घंटे इस फिल्म को जरूर दें क्योंकि यह दर्शकों के समय, धैर्य और तालियों की पूरी हकदार है।
उन्होंने निर्देशक वेंकटेश महा की भी जमकर सराहना करते हुए कहा कि सीमित बजट में इतनी प्रभावशाली फिल्म बनाना साहस और गहरे आत्मविश्वास का काम है। साथ ही उन्होंने अभिनेता सत्य देव के अभिनय को भी शानदार बताया।
“कोई शोर नहीं, सिर्फ शुद्ध फिल्ममेकिंग”
अपने पोस्ट में वांगा ने लिखा कि ‘राव बहादुर’ में किसी तरह का दिखावा या शॉर्टकट नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह शुद्ध फिल्ममेकिंग का उदाहरण है। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी फिल्मों का जश्न मनाया जाना चाहिए।
फिल्म को मिल रहा लगातार सकारात्मक रिस्पॉन्स
रिलीज के बाद से ‘राव बहादुर’ को दर्शकों, समीक्षकों और फिल्म इंडस्ट्री के कई प्रमुख नामों से सराहना मिल रही है। इससे पहले निर्देशक सुकुमार और राम गोपाल वर्मा भी फिल्म की प्रशंसा कर चुके हैं। अब संदीप रेड्डी वांगा की प्रतिक्रिया ने फिल्म के पक्ष में बन रहे सकारात्मक वर्ड-ऑफ-माउथ को और मजबूती दी है।

Related Articles