MP : मैहर में प्रतिबंध के बावजूद गर्भगृह में पूजा करने पहुंचीं मंत्री राधा सिंह

मैहर। शारदा भवानी के दरबार से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनाए गए नियम माननीयों की मौजूदगी में बेअसर नजर आए। जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश पर लगे प्रतिबंध के बावजूद वहां न केवल हाजिरी लगाई, बल्कि विशेष पूजा-अर्चना भी की।
चैत्र नवरात्रि के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने पहले ही कड़े फैसले लिए थे। दरअसल, 17 मार्च को एक आदेश जारी किया गया था। इसमें स्पष्ट किया गया था कि मेले के दौरान VIP प्रवेश और गर्भगृह में जाने पर रोक रहेगी।
इसका उद्देश्य साफ था कि आम श्रद्धालुओं को बिना किसी बाधा के दर्शन मिल सकें। वहीं, मंगलवार, 24 मार्च की सुबह करीब 11 बजे जब मंत्री राधा सिंह का काफिला मंदिर पहुंचा, तो ये सारे आदेश कागजी साबित हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंत्री के साथ उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं का जत्था भी मौजूद था। जब राज्य मंत्री राधा सिंह गर्भगृह के भीतर आरती और विशेष अनुष्ठान कर रही थीं, तब बाहर कतारों में खड़े आम श्रद्धालुओं को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इस वीआईपी ट्रीटमेंट की वजह से मंदिर परिसर में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी हो गई।
नियमों की इस अनदेखी ने अब राजनीतिक मोड़ ले लिया है। मैहर नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी ने इस घटना पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने सवाल किया कि जब प्रशासन ने खुद वीआईपी दर्शन पर रोक लगाई थी, तो मंत्री को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति किसने और क्यों दी? कांग्रेस ने अब इस मामले में शामिल जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



