तेहरान. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज 47 दिनों तक बंद रहने के बाद शुक्रवार को फिर से खोल दिया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ गई है. डोनाल्ड ट्रंप ने इस फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि यह अहम समुद्री रास्ता अब पूरी तरह खुल गया है और जहाजों की आवाजाही के लिए तैयार है. हालांकि ट्रंप ने यह भी साफ किया कि ईरान से जुड़े मामलों में नाकाबंदी अभी जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि जब तक ईरान के साथ समझौता पूरी तरह नहीं हो जाता, तब तक उसके खिलाफ पाबंदियां लागू रहेंगी.
ईरान-अमेरिका समझौता करीब!
ट्रंप ने बातचीत को लेकर बड़ा दावा भी किया. उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता अब काफी करीब है और लगभग सभी बड़े मुद्दों पर सहमति बन चुकी है. उनके मुताबिक अब कोई बड़ा विवाद बाकी नहीं है और जल्द ही अच्छी खबर सामने आ सकती है. उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच हाल ही में पाकिस्तान में बातचीत हुई थी, लेकिन उस दौर में अंतिम समझौता नहीं हो सका. इसके बावजूद ट्रंप ने संकेत दिया कि जल्द ही एक और दौर की वार्ता हो सकती है.
ईरान सौंपेगा यूरेनियम?
अमेरिका की मुख्य मांग है कि ईरान परमाणु हथियार विकसित न करे. ट्रंप ने दावा किया कि ईरान अपने समृद्ध यूरेनियम का भंडार सौंपने के लिए तैयार हो गया है, जो इस समझौते का अहम हिस्सा है. ट्रंप ने यह भी कहा कि अब केवल औपचारिक लिखित समझौते की जरूरत है, जिसके बाद इस डील की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है. उनके मुताबिक हालात तेजी से बेहतर हो रहे हैं और क्षेत्र में स्थिरता लौटने की उम्मीद है.
ईरान का ट्रंप पर तंज, कहा- ज्यादा बोलते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति
ईरान युद्ध लाइव अपडेट्स: ईरान के डिप्टी विदेश मंत्री सईद खतिबजादेह ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों पर तंज कसते हुए कहा है कि वह ‘बहुत ज्यादा बोलते हैं’ और अक्सर एक ही बयान में विरोधाभासी बातें करते हैं. तुर्किये में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यह समझना मुश्किल है कि ट्रंप आखिर कहना क्या चाहते हैं. खतिबजादेह ने दोहराया कि ईरान मानता है कि युद्ध किसी भी सकारात्मक नतीजे तक नहीं पहुंचाता, लेकिन अगर हमला हुआ तो देश आखिरी सैनिक तक लड़ने के लिए तैयार है.
