WAR :16 घंटे बाद दुबई में फिर धमाके, इजराइल पर हवाई हमले, लेबनान के 50 गांव खाली कराए

नई दिल्ली। इजराइल-अमेरिका और ईरान जंग का आज तीसरा दिन है। अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल ने मिलकर अब तक ईरान के 1000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए हैं। इस दौरान शुरुआती 30 घंटे में 2000 से ज्यादा बम गिराए गए। कुवैत में अमेरिका का एक फाइटर जेट क्रैश हो गया है। एयर डिफेंस सिस्टम ने कुछ संदिग्ध ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया गया। यहां सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि आने वाले दिनों में तेहरान पर हमले और तेज होंगे। वहीं, ईरान ने जवाब में इजराइल समेत 9 देशों में अमेरिकी बेस पर हमले किए हैं। 28 फरवरी को शुरू हुई इस लड़ाई के पहले दिन हुई बमबारी में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे।
वहीं, इस जंग में लेबनान का उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह भी शामिल हो गया है। उसने इजराइल में कई जगहों पर बमबारी की है। दूसरी तरफ इजराइल ने बॉर्डर से लगे लेबनान के 50 गांव खाली करा लिए हैं।
ईरान में 200 की मौत, 740 घायल
इजराइल और अमेरिका ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत 10 बड़े शहरों को निशाना बनाया है। इनमें अब तक 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 740 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 180 छात्राओं की मौत हो गई और 45 घायल हैं।
मीडिया एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, कुवैत में अमेरिकी दूतावास के पास से धुआं उठते देखा गया। यह घटना उस समय सामने आई है जब कुछ घंटे पहले खाड़ी देश में एयर रैड सायरन की चेतावनी कई इलाकों में बजाई गई थी।
अबू धाबी में भी सुनाई दिए धमाके
संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में धमाकों की खबरें सामने आई हैं। स्थानीय मीडिया और सूत्रों के अनुसार, शहर में अचानक तेज आवाजें सुनाई दीं, जिससे नागरिकों में डर और चिंता बढ़ गई। पहले की खबरों के अनुसार, पड़ोसी कतर की राजधानी दोहा में भी आधा दर्जन से अधिक धमाके सुने गए थे।
ट्रंप ने अमेरिका फस्र्ट को बनाया इसराइल फस्ट
ईरान के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी अली लारिजानी ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी अमेरिका फस्र्ट नीति को बदलकर इसराइल फस्र्ट बना दिया है और इस प्रक्रिया में अमेरिकी सैनिकों को इसराइल की महत्वाकांक्षाओं के लिए बलिदान कर दिया।

कुवैत में क्रैश हुआ अमेरिका का F-15 फाइटर जेट
इस बीच ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि कुवैत में अमेरिकी सेना का एक F-15 लड़ाकू विमान क्रैश हो गया है। इस विमान के क्रैश होने का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें विमान में आसमान में ही आग लगते हुई देखी जा सकती है। F-15 फाइटर जेट दुनिया के सबसे घातक और आधुनिक लड़ाकू विमानों में एक माना जाता है। हालांकि विमान में आग लगते ही पायलट पैरासूट लेकर कूद गया जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, अभी तक इस खबर की किसी ने पुष्टि नहीं की है। अमेरिका और कुवैत की सेना की ओर भी कोई बयान नहीं आया है।

लारिजानी ने एक्स पर लिखा ट्रंप ने अपनी भ्रमपूर्ण कल्पनाओं से पश्चिम एशिया को अराजकता में डाल दिया है और अब अमेरिकी हताहतों के बढऩे का डर महसूस कर रहे हैं। अमेरिकी सैनिक और उनके परिवार इसका भारी मूल्य चुकाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अपनी सुरक्षा के लिए संरक्षण और आत्मरक्षा जारी रखेगा और किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब देने से पीछे नहीं हटेगा।
कश्मीर में सख्ती, लाल चौक सील, स्कूल बंद
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई की हमले में मौत से आक्रोशित लोगों ने रविवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तस्वीरें, पोस्टर, बैनर और ईरानी झंडे लेकर अमेरिका और इस्राइल के खिलाफ प्रदर्शन किया। रविवार को कारगिल-द्रास में बड़ी संख्या में शिया व सुन्नी दोनों समुदाय के लोग प्रदर्शन में शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर में शिया समुदाय के बड़े धार्मिक संगठन अंजुमन-ए-शरी शियान ने प्रदेश में 40 दिन के शोक का एलान किया है। श्रीनगर में लाल चौक पर शिया समुदाय के हजारों लोग इक_ा हो गए। यहां शाम तक प्रदर्शन, शोक सभा और अजादारी होती रही। वहीं, अब प्रदर्शनों के चलते कश्मीर के कुछ हिस्सों में कई पाबंदियां लागू कर दी गई हैं।
अफगानिस्तान का पाकिस्तान के नूरखान एयरबेस पर हमला
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर बीते चार दिनों से लगातार हवाई हमले और गोलीबारी जारी है। तालिबान सरकार का कहना है कि हमने पाकिस्तान के बेहद संवेदनशील नूर खान एयरबेस पर हमला किया है। यह एयरबेस रावलपिंडी में है। इसके साथ ही तालिबान के एक मंत्री ने दावा किया कि उनके लड़ाके डूरंड लाइन पार कर पाकिस्तान की जमीन में घुस चुके हैं। तालिबान के मुताबिक, क्वेटा और खैबर पख्तूनख्वा के कुछ सैन्य ठिकानों पर भी हमले किए गए हैं।

screenshot 20260302 124247185600512325372649

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles