Nepal : पूर्व पीएम केपी ओली गिरफ्तार, शपथ के 24 घंटे बाद बालेन शाह ने भेजा जेल

काठमांडू। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को पुलिस ने शनिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी पिछले साल हुए जेन जी प्रोटेस्ट के मामले में हुई है।
यह कार्रवाई उस समय हुई, जब कल ही बालेन शाह ने नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली है। पुलिस के अनुसार, ओली को शनिवार सुबह भक्तपुर के गुंडु स्थित उनके घर से पकड़ा गया। वहीं, रमेश लेखक को सुबह करीब 5 बजे सूर्यविनायक से गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई गृह मंत्रालय की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच के आधार पर की गई है। एक जांच आयोग ने सुझाव दिया था कि इन नेताओं पर लापरवाही का केस चलाया जाए। इस मामले में 10 साल तक की सजा हो सकती है।
दरअसल, जेन-जी आंदोलन के दौरान हुई हिंसा की जांच के लिए गौरीबहादुर कार्की की अध्यक्षता में एक आयोग गठित किया गया था। इस आयोग की रिपोर्ट में 8 सितंबर को प्रदर्शनकारियों की मौत के मामले में ओली और लेखक की भूमिका को लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना बताया गया। दोनों के खिलाफ मुलुकी आपराधिक संहिता अधिनियम, 2074 (2017) के तहत कार्रवाई की सिफारिश की गई थी।
77 लोगों की हुई थी मौत
आयोग ने पूर्व पुलिस प्रमुख को भी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग का आदेश देने के लिए जिम्मेदार ठहराया था। जेन-जी आंदोलन के दौरान भडक़ी हिंसा में 77 लोगों की मौत हुई थी, जबकि बड़े पैमाने पर संपत्ति का नुकसान भी हुआ। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस आंदोलन के दौरान करीब 85 अरब नेपाली रुपये की संपत्ति नष्ट हुई थी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles