भोपाल। मध्य प्रदेश में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। मंदसौर में शाम 4:45 बजे हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। लेकिन बाकी प्रदेश खासा तप रहा है। इसके चलते इंदौर जिले में आंगनवाड़ी केंद्र और 8वीं तक के सभी स्कूल 27 से 30 अप्रैल तक बंद रहेंगे। कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी।
ग्वालियर जिले में प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वी तक की कक्षाओं का 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। कक्षा 9 से 12वी तक की कक्षाए पूर्ववत प्रात: 7.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की जाएंगी। पूर्व से निर्धारित परीक्षाओं की समय-सारिणी के पूर्व अनुसार संचालित होगी।
उज्जैन में भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नर्सरी से लेकर आठवीं तक का अवकाश घोषित किया है।
इधर, भीषण गर्मी के बीच भोपाल के सेंट जोसेफ स्कूल को छोड़कर कहीं समर वेकेशन घोषित नहीं किया है। टाइमिंग जरूर घटाई गई, लेकिन बच्चे दोपहर में ही घर पहुंच पाते हैं। इस बीच, उज्जैन में पारा 43°C के पार पहुंच गया है।
