MP: खाद लूट कांड के मुख्य आरोपी कांग्रेस के पूर्व विधायक मनोज चावला अब भाजपा में शामिल

रतलाम। आलोट (रतलाम) से कांग्रेस के पूर्व विधायक मनोज चावला ने शनिवार को BJP जॉइन कर ली। रतलाम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें सदस्यता दिलाई। इससे पहले उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दिया। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेजे इस्तीफे में उन्होंने पार्टी छोड़ने की वजह व्यक्तिगत कारण बताई। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद गुगालिया ने भी रतलाम में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ली।
यूरिया संकट के बीच 10 नवंबर 2022 को आलोट के नकद बिक्री केंद्र (सरकारी गोदाम) पर सर्वर समस्या के कारण पीओएस मशीन बंद थी। इससे किसान परेशान हो रहे थे। तब मनोज चावला और पूर्व जिला कांग्रेस योगेंद्र सिंह जादौन समेत कुछ नेता गोदाम पहुंचे। वहां मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाई। विधायक ने शटर उठाकर किसानों को खाद निकालने को बोला। इसका कई किसानों ने फायदा उठाया। रजिस्टर में बिना एंट्री किए खाद ले गए। मामले में मनोज चावला और कांग्रेस नेता जादौन पर लूट, डकैती और शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज किया गया। विधायक कई दिन तक फरार रहे, फिर जेल भी गए। पूर्व विधायक मनोज चावल पर दर्ज मुकदमे में जल्द ही फैसला आना है। एमपी एमएलए कोर्ट इंदौर में केस चल रहा है।

img 20240323 wa0006687332168119726208
Exit mobile version