T 20: भारत की जीत का भोपाल में जश्न, मंत्री सारंग गाड़ी के ऊपर तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले, आम आदमी होता तो स्टंट का केस दर्ज होता…!
भोपाल। भारतीय क्रिकेट टीम ने 17 साल बाद टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया की जीत के बाद पूरे एमपी में क्रिकेट प्रेमियों का जमघट सड़कों पर उतर पड़ा। लोगों ने आतिशबाजी करके जीत को सेलिब्रेट किया। वहीं कहीं लोगों ने मंदिरों में जीत के लिए पूजा अर्चना भी कराई थी। लोगों ने ढोल की थाप जमकर डांस किया। कहीं कहीं तो खुशी के मारे लोग गाड़ियों और ट्रकों के हॉर्न पर ही नाचते गाते दिखे।
विश्वास सारंग गाड़ी के ऊपर बैठकर निकले सड़कों पर
इस मौके पर मध्य प्रदेश सरकार के युवा मंत्रालय के मंत्री विश्वास सारंग भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने समर्थकों के साथ बड़ी स्क्रीन पर मैच का आनंद लिया। इसके बाद हाथों में झंडा लेकर लोगों के साथ गाड़ी पर सवार होकर घूमते नजर आए। इसे लेकर उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने अपनी कार पर खड़े होकर व हाथों में तिरंगा लेकर खुशियां मनाई। उनके इस वीडियो के बाद लोगों ने कमेंट करके उनकी सुरक्षा पर भी सवाल उठाएं हैं। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अब्बास हाफेज कहते हैं कि कोई आम युवा ऐसा करता तो भोपाल पुलिस उसे स्टंट कहते हुए तत्काल गिरफ्तार कर लेती। उन्होंने पुलिस से सारंग के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
कैलाश विजयवर्गीय ने इस तरह मनाया जश्न
साथ ही मोहन कैबिनेट के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी जोश के साथ कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच थिरकते दिखे। उन्होंने इंदौर के राजवाड़ा में टीम इंडिया को अपने खास अंदाज में बधाई दी। इस दौरान इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों ने वहां जमकर आतिशबाजी भी की। पूरे शहर में मानो ऐसा लग रहा था कि दिवाली मनाई जा रही है। चारों तरफ इंडिया इंडिया और पटाखों की गूंज एक साथ सुनाई दे रही थी।






