MP: LNCT University हॉस्टल के खाने में छिपकली और इल्ली, छात्राओं का हंगामा

भोपाल। एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में स्टूडेंट्स को जो खाना दिया गया उसमें इल्ली और छिपकली पाई गई। इसके बाद लड़कियों ने जमकर हंगामा किया। स्टूडेंट्स के लिए हॉस्टल के मेस में ही खाना बनाया जाता है। यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट की ओर से बताया गया है कि उन्होंने खाना बनाने वाले वेंडर को 15 दिन के लिए सस्पेंड कर दिया है।

एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल की छात्राएं 22 मई को मेस में खाना खाने पहुंची थी। 80 से अधिक छात्राएं खाना खा रही थी तभी एक छात्रा की दाल में छिपकली दिखाई दी। लड़कियों ने इसकी शिकायत की तो अगले दिन 23 मई को छात्राओं काे बॉयज हॉस्टल के मेस में खाना खाने के लिए भेजा गया था। वहां भी भिंडी की सब्जी में इल्ली नजर आई। इससे छात्राएं भड़क गई और हंगामा कर दिया।

23 को हंगामा, 24 को खाना नहीं मिला
छात्राओं का दावा है कि हॉस्टल के मेस में 23 मई की रात को 12 बजे खाना दिया गया। ऐसा पहली बार नहीं है कि खाने में इल्ली निकली हो, पहले भी छिपकली इल्ली कई बार निकली है। 24 मई को भी मेस में खाना नहीं बना। काफी देर बहस के बाद दोपहर 2 बजे खाना दिया गया।

वेंडर 15 दिन के लिए सस्पेंड
एलएनसीटी के रजिस्ट्रार अजीत सोनी का कहना है कि छिपकली प्लेट में गिरी थी, ना कि खाने में, हमने वेंडर को 15 दिन के लिए सस्पेंड कर दिया है। हमने 21 मई को ही पेस्ट कंट्रोल करवाया था। इस तरह की कोई घटना दोबारा न हो, इसलिए फिर पेस्ट कंट्रोल कराएंगे।

खाद्य विभाग के अफसरों ने निरीक्षण किया
इधर, शुक्रवार को खाद्य विभाग के अफसरों ने भी निरीक्षण कर बेसन-तुअर दाल के नमूने लिए। वहीं, अन्य खामियां जैसे आवश्यक दस्तावेज, कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस नहीं होने पर कैटरर को कार्य सुधार नोटिस जारी किया है। यहां नोट करना आवश्यक है कि फ़ूड डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने लड़कियों के बयान नहीं लिए। इसके एक दिन पहले होटल राजहंस के मामले में भी ग्राहक में सलाद में कॉकरोच मिलने की शिकायत की थी परंतु अधिकारियों ने इस बिंदु पर जांच ही नहीं की कि, ग्राहक की थाली में कॉकरोच मिला था या नहीं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles