MP Vedio conference: सीएम बोले- कानून व्यवस्था में लापरवाही न हो, पौधे लगाने का काम वहीं करें, जहां पानी देकर उसे जीवित रखा जा सके

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसलिए जिलों में आगामी त्यौहार को देखते हुए में कानून व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय जल गंगा संवर्धन अभियान चल रहा है जिसमें सभी जलाशयों और जल स्त्रोतों की जानकारी सामने नहीं आ रही है। कलेक्टर इसका ध्यान दें और सभी जल स्त्रोतों में काम कराएं।

पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल ने भी इस दौरान सिवनी और नरसिंहपुर जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां पहले से काम प्रस्तावित हैं वहीं का जिक्र प्रशासन के अफसर कर रहे हैं। जहां काम नहीं हो रहे हैं, उन स्थानों को भी चिह्नित कर काम कराया जाए।

सीएम यादव ने मंगलवार को सभी जिलों के कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों, संभागायुक्तों, आईजी और सांसद व विधायकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुए बैठक में कहा कि जिलों में बाढ़ से निपटने पुख्ता इन्तजार करें। लंबित राजस्व प्रकरण का समय सीमा में निराकरण करें और रजिस्ट्री के साथ जल्द नामांतरण होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्षा शुरू होने के बाद ही पौध रोपण करे। पौधे लगाने से ज्यादा पौधे का जीवित रहना जरूरी है। इसलिए जहां भी पौधे लगाए जाएं वह स्थान पानी के स्त्रोत के आसपास हो ताकि पौधे को पानी मिलता रहे। उन्होंने 21 जून को योग दिवस और 18 जून से स्कूल चलें अभियान में सभी जनप्रतिनिधि, समाज सेवी, अधिकारी का सहयोग लेने के लिए कहा।

हर संसदीय क्षेत्र में खोलना है मेडिकल कालेज

इसके पहले छह माह के कार्यकाल की समीक्षा बैठक में मंत्रियों और अधिकारियों से मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रदेश के सभी 29 संसदीय क्षेत्रों में एक-एक मेडिकल कॉलेज आरंभ हो। अगले चरण में प्रत्येक जिले में एक-एक मेडिकल कॉलेज आरंभ किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि के उद्देश्य से जिलों और संभागों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण के लिए आयोग गठित किया गया है। लोक स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने के लिए लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग को एक करने और निजी स्वास्थ्य संस्थाओं को लोक स्वास्थ्य से जोड़ने की दिशा में भी कार्य हो रहा है।

लोगों को दफ्तर के अनावश्यक चक्कर न काटना पड़ें

यादव ने कहा- विभाग यह तय करें कि लोगों को सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े। विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो, हर स्तर पर त्वरित निर्णय लेकर कार्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाए और कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ हो। 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस पर सभी जिला मुख्यालयों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रत्येक जिले में एक एक्सीलेंस कॉलेज आरंभ करने और हर विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर पर कृषि संकाय आरंभ करने के निर्देश दिए।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles