MP: सबूत से छेड़छाड़… मैनेजमेंट जमा करा रहा था महंगी किताबें: जबलपुर में संडे को खोला स्कूल, रेड पड़ते ही होश उड़े
जबलपुर। कॉपी – किताब पर कमीशन और स्कूल फीस बढ़ाने पर घिरे जबलपुर के स्टेमफील्ड स्कूल मैनेजमेंट का नया कारनामा पकड़ा गया। रविवार को स्कूल मैनेजमेंट हिंदी ग्रामर बुक जमा करा रहा था। पेरेंट्स को बकायदा मैसेज कर सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बुक के साथ आने को कहा गया था।
कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना तक शिकायत पहुंची। उन्होंने शिक्षा विभाग और पुलिस की टीम गठित कर मौके पर भेज दी। अधारताल एसडीएम शिवाली सिंह ने स्कूल में रेड की। टीम को देख स्कूल मैनेजमेंट के होश उड़ गए। मौके से 6वीं, 7वीं और 8वीं क्लास की 35 बुक जब्त की गईं।
एसडीएम का कहना है कि मामला कोर्ट में है, इसके बाद भी स्टेमफील्ड स्कूल मैनेजमेंट ने पेरेंट्स को बुक्स जमा कराने के मैसेज किए। यह बताता है कि स्कूल मैनेजमेंट जांच के दौरान सबूत के साथ छेड़खानी की कोशिश कर रहा है।
स्कूल का संचालक फरार
जबलपुर शहर के 11 स्कूल्स के खिलाफ अधिक फीस वसूली और बिना आईएसबीएन नंबर की किताब चलाने की जांच चल रही है। जांच के दायरे में स्टेमफील्ड स्कूल भी है। जिला प्रशासन ने स्कूल पर 2 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया था। स्टेमफील्ड स्कूल के संचालक अभी भी फरार हैं। पुलिस तलाश कर रही है।
पेरेंट्स पर दबाव बनाकर बुलाया गया
एसडीएम के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अभिभावकों ने बताया कि पिछले दो दिन से स्कूल मैनेजमेंट मैसेज और कॉल कर उन्हें स्कूल आने का कह रहा था। पेरेंट्स ने मैसेज और स्कूल के जरिए किए गए कॉल की जानकारी दी है। हिंदी ग्रामर की किताबें जब्त की गई हैं, कलेक्टर को रिपोर्ट दी जाएगी, इसके बाद वे आगे की कार्रवाई करेंगे। अभिभावक राजकुमारी ने बताया कि शनिवार की रात उन्हें स्कूल की ओर से कॉल आया था। हिंदी ग्रामर की बुक की कीमत साढ़े चार सौ रुपए से ज्यादा है।





