MP: रेत माफिया ने खनिज अफसरों पर किया हमला, कुचलने का किया प्रयास, बंदूक की दम पर सड़क पर डंपर खाली कर भागा

ग्वालियर। ग्वालियर में रेत से भरे डंपर को रोकने का प्रयास करने पर रेत माफिया ने खनिज विभाग के अफसरों को कुचलने का प्रयास किया। डंपर मालिक व चालक गाड़ी को ले गए। खनिज विभाग की टीम ने पीछा किया तो बड़ागांव पुल के नीचे सर्विस रोड पर डंपर खड़ा कर लोहे की रॉड निकालकर खनिज अधिकारी और उनकी टीम पर हमला किया।

बात यहां भी खत्म नहीं होती। रेत माफिया ने बंदूक की दम पर सड़क पर ही डंपर में भरी रेत को डंप किया और सबके सामने से डंपर लेकर फरार हो गया। घटना बुधवार सुबह बड़ागांव पुल के नीचे सर्विस रोड मुरार की है। आरोपी डंपर मालिक ने अफसरों को गोली मारने की धमकी भी दी। डंपर पर लिखा रजिस्ट्रेशन नंबर भी फर्जी निकला है। खनिज विभाग के अफसरों ने मुरार थाना में FIR दर्ज कराई है।

शहर के सिटी सेंटर अल्कापुरी स्थित यशोदा रेजीडेंसी निवासी राजेश कुमार गंगेले पुत्र प्रेम नारायण गंगेले खनिज विभाग में सहायक खनिज अधिकारी है।

मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात अपनी टीम के साथ अवैध ढंग से रेत का परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निकले थे। ऐसे वाहनों की जांच के लिए बिजौली रोड पर पहुंचे और चेकिंग शुरू कराई।

बुधवार सुबह एक डंपर MP07 ZQ-7931 आता दिखाई दिया। जिसमें करीब 30 घन मीटर रेत भरा हुआ था, उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक उन्हें कट मारते हुए कुचलने का प्रयास करते हुए भाग निकला। भाग रहे डंपर का खनिज टीम ने पीछा किया और बड़ागांव हाइवे पुल के पास से सर्विस रोड के माध्यम से फोरलाइन पर जाने वाले हाइवे पर चालक ने डंपर रोक दिया। यहां पर वाहन चालक एवं डंपर मालिक कान्हा पुत्र गोविंद सिंह यादव निवासी रायजिंग सिटी बड़ागांव अन्य व्यक्तिों के साथ आकर खनिज दल के साथ गाली-गलौज कर बदसलूकी की एवं खनिज टीम पर लोहे की रॉड से हमला किया एवं राइफल से गोली मारने की धमकी दी।

दहशत में खनिज स्टॉफ, भाग कर बचाई जान अचानक हुए हमले से खनिज विभाग का पूरा स्टाफ घबरा गया और भागकर जान बचाई। इसके बाद बंदूक की दम पर डंपर मालिक व चालक हाइवे की सर्विस रोड पर बीच में ही डंपर में भरी रेज को डंपर कर वाहन को भगा ले गया। जबकि खनिज विभाग की टीम देखती रह गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी है। सहायक खनिज अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

फर्जी नंबर प्लेट पर दौड़ा रहा था डंपर, कर रहा था रॉयल्टी चोरी
वाहन की जांच की तो पता चला कि उसकी नंबर प्लेट पर पेंट लगा हुआ है और अधिक जानकारी की तो पता चला कि शासन को धोखा देने के लिए आरोपी डंपर का नंबर बदलकर चला रहे हैं। डंपर का नंबर MP07 ZQ-7931 ना होकर RJ32-GC-7268 है। इसका पता चलते ही पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

कान्हा यादव का है डंपर
जांच में पता चला है कि डंपर का मालिक कान्हा पिता गोविंदसिंह यादव निवासी रायजिंग सिटी बड़ागांव मुरार है। पुलिस अब उसकी और डंपर की तलाश में जुट गई है। आरोपी के डंपर लेकर भागने का कारण यह है कि खनिज विभाग पुलिस से डंपर राजसात करा देती तो वह हमेशा के लिए खत्म हो जाता। इसलिए वह सबसे पहले डंपर लेकर निकला है।

पुलिस का कहना है
सीएसपी मुरार राजीव जंगले का कहना है कि खनिज विभाग पर हमला करने के चलते शासकीय कार्य में बाधा सहित धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles