MP: पटवारी ने एक्स पर लिखा- 10 साल में 35 एमएलए ने कांग्रेस छोड़ी, 22 सियासत की गुमनामी में
भोपाल। साल 2013 में मप्र की राजनीति में बड़े सियासी दल-बदल की शुरुआत हुई और ये सिलसिला अभी तक जारी है। 2013 में विधानसभा में जब कांग्रेस सदन में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई तो तत्कालीन उपनेता प्रतिपक्ष चौधरी राकेश सिंह ने बीजेपी का दामन थाम लिया। इसके बाद अविश्वास प्रस्ताव गिर गया। चौधरी राकेश सिंह से लेकर अब तक करीब 35 विधायक बीजेपी जॉइन कर चुके हैं। इनमें सिर्फ 9 लोग वर्तमान में विधायक और 4 राज्य सरकार में मंत्री हैं। सियासत की गुमनामी में खोए कभी कांग्रेस के नेता रहे इन लीडर्स को लेकर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने ट्वीट किया है। पटवारी ने इन दल-बदलुओं का मन बदलने का दावा किया है।
पटवारी ने अपने ट्वीट में लिखा…सच्चाई सिर्फ यह है कि बीते 10 सालों में 35 कांग्रेसी विधायकों ने कांग्रेस छोडक़र बीजेपी का दामन थामा, लेकिन उसमें से 22 नेताओं का सियासी सफर लगभग गुमनामी में चला गया है। ज्यादातर नेता या तो चुनाव हार गए या फिर उन्हें टिकट ही नहीं मिला. इन 35 नेताओं में फिलहाल 9 ही विधायक हैं और उनमें से भी केवल 4 ही मंत्री पद तक पहुंच पाए। बीजेपी भय और लालच के दम पर विपक्ष को खत्म करना चाहती है। डरे हुए कुछ मौकापरस्त मन बदल भी रहे हैं। लेकिन, उनकी स्थिति जनता भी देख/समझ रही है। कभी मित्र, साथी, सहयोगी रहे ऐसे चेहरों के प्रति मेरी पूरी सहानुभूति है! यह दिली इच्छा भी है कि यदि वे राजनीति को जनसेवा का जरिया मानते हों, तो ईश्वर उनकी मदद करे।




