MP: पं. धीरेंद्र शास्त्री के भाई ने टोलकर्मियों को पीटा:छतरपुर में गाड़ी रोककर टोल मांगा तो साथियों के साथ हमला किया, FIR दर्ज

छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई सौरव गर्ग उर्फ शालिग्राम शास्त्री ने छतरपुर में टोलकर्मियों से मारपीट की। टोल मांगने पर उसने अपने सहयोगियों के साथ हमला किया। पुलिस ने शालिग्राम शास्त्री समेत 10 के खिलाफ केस दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।

घटना छतरपुर के गुलगंज थाना क्षेत्र में सागर रोड स्थित मंगवारी टोल प्लाजा पर गुरुवार रात की है। एसपी अगम जैन ने बताया कि शालिग्राम देर रात अपने साथियों के साथ किसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान टोल प्लाजा पर उसकी गाड़ी को रोककर टोल मांगा गया, इस बात पर वो भड़क गया और मारपीट कर दी। टोलकर्मियों ने जीतू तिवारी, लोकेश उर्फ शालिग्राम गर्ग का नाम बताया था। पुलिस ने 10 लोगों पर केस दर्ज किया है।

दलित परिवार की बेटी की शादी में की थी फायरिंग

शालिग्राम इससे पहले भी विवादों में रह चुका है। छतरपुर जिले के ही गढ़ा गांव में 11 फरवरी 2023 को अहिरवार समाज की बेटी की शादी में शालिग्राम ने फायरिंग कर धमकाया था। दरअसल, परिवार ने बागेश्वर धाम के सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी के लिए आवेदन दिया था, लेकिन बाद में निजी कार्यक्रम करने का फैसला किया। इसका पता चलते ही रात करीब 12 बजे शालिग्राम अपने साथियों के साथ शादी समारोह में पहुंच गया। यहां उसने उत्पात मचाया और वहां मौजूद लोगों को धमकाया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने शालिग्राम के खिलाफ FIR दर्ज की थी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles