MP: कल हो सकता है मोहन मंत्रिमंडल का विस्तार
कांग्रेस छोडक़र बीजेपी में आए रामनिवास रावत बनेंगे मंत्री, कमलेश शाह भी ले सकते हैं शपथ
भोपाल। मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव मंत्रिमंडल का विस्तार कल यानी सोमवार को हो सकता है। इसमें कांग्रेस छोडक़र बीजेपी में आए रामनिवास रावत मंंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, राजभवन में सुबह 9 बजे शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।
रावत के अलावा अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार कमलेश शाह को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की भोपाल में हो रही बैठक के बाद आज देर शाम लिया जाएगा।
फिलहाल प्रदेश मंत्रिमंडल में 4 पद खाली हैं, जिन्हें भरा जाना है। वर्तमान में डॉ. मोहन सरकार में 30 मंत्री हैं। मंत्रिमंंडल में अधिकतम 34 मंत्री हो सकते हैं। रावत को मंत्रिमंडल में शामिल होने से पहले विधानसभा की सदस्यता छोडऩी होगी।
श्योपुर की विजयपुर सीट से 6 बार के विधायक रामनिवास रावत ने 30 अप्रैल 2024 को कांग्रेस छोड़ी थी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और बीजेपी जॉइनिंग टोली के मुखिया नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में श्योपुर के एक कार्यक्रम में बीजेपी की सदस्यता ली थी।
वहीं, छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा से विधायक रहे कमलेश शाह ने 29 मार्च 2024 को विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा जॉइन की थी। उन्होंने सीएम हाउस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के सामने बीजेपी की सदस्यता ली थी। शाह 2023 में तीसरी बार विधायक चुने गए थे।



