MP: मंत्री विजयवर्गीय के करीबी की गोली मारकर हत्या:इंदौर में समर्थकों ने आरोपियों के घर में घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी की

इंदौर। इंदौर में भाजपा युवा मोर्चा के नगर उपाध्यक्ष मोनू कल्याणे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसे मध्य प्रदेश सरकार के शहरी विकास और आवास मंत्री मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का करीबी माना जाता था।

वारदात शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे एमजी रोड इलाके की है। पुलिस ने बताया कि चिमनबाग चौराहे पर मोनू पुत्र राजेन्द्र कल्याणे को गोली मारी गई। हत्याकांड में पीयूष और अर्जुन का नाम सामने आया है। पुरानी रंजिश में आरोपियों ने मोनू पर एक से ज्यादा फायर किए थे। मौके पर मौजूद साथी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

एडिशनल डीसीपी राम स्नेही मिश्रा ने कहा- मोनू रविवार शाम करीब 5 बजे भगवा रैली निकालने वाला था। इसके लिए इलाके में बैनर-पोस्टर लगाए गए थे। देर रात को भी मोनू अपनी टीम के साथ बैनर-पोस्टर लगा रहा था। इसी दौरान उस पर हमला किया गया। आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर तलाश की जा रही है।

इधर मोनू की हत्या की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय और दूसरे भाजपा नेता रात में ही उसके घर पहुंचे। मोनू के समर्थकों ने आरोपियों के घर में घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी की।

भगवा यात्रा के बारे में पूछा और मार दी गोली

मोनू कल्याणे हर साल इलाके में भगवा यात्रा निकालता था। शनिवार रात को साथियों के साथ इसी की तैयारी में लगा था। इसी बीच पीयूष और अर्जुन बाइक से वहां पहुंचे। उन्होंने मोनू से पूछा- रैली का समय क्या है? कितने लड़के लेकर आना है? इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे अर्जुन ने पिस्टल निकाली और मोनू पर दो फायर कर दिए। एक फायर नजदीक खड़े दोस्तों को देखते हुए हवा में किया। गोली लगते ही मोनू नीचे गिर गया।

आरोपियों के घर में तोड़फोड़ का वीडियो वायरल
मोनू की हत्या के बाद उसके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया। इसमें लिखा है- ‘बदला अभी बाकी है।’ इस वीडियो में दिख रहा है कि मोनू के समर्थक आरोपियों के घर के अंदर घुसे और तोड़फोड़ की। यहां रखे सामान में आग भी लगा दी। इस दौरान आरोपियों के परिजन घर पर नहीं थे।

img 20240623 1453398373935888003682388

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles