MP: सलकनपुर देवीधाम के सीढ़ी मार्ग की 6 दुकानों में लगी भीषण आग
भोपाल।धार्मिक स्थलों में अग्नि दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। सलकनपुर देवीधाम के सीढ़ी मार्ग पर लगी प्रसादी की दुकानों में शुक्रवार रात साढ़े 9 बजे के करीब अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि तेज लपटे निकल रही थी। इस आग को देख श्रद्धालु और अन्य दुकानदारों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। आग को बड़ी मुश्किल से बुझाया गया।पूर्व में महाकाल मंदिर में अग्नि दुर्घटना में एक सेवक की मौत हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार सीढ़ी मार्ग पर प्रसादी की दुकान लगी हुई है। बताया जाता है कि किसी एक दुकान में अज्ञात कारणों से आग लगी थी, जिसने फैलते हुए आसपास की दूसरी दुकानों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। इससे करीब 6 दुकान के अंदर रखी प्रसादी का पूरा सामान जलने की बात सामने आई है। हालांकि किन की दुकान में यह भीषण आग लगी उनका नाम समाचार लिखे जाने रात 10 बजकर 19 मिनट तक सामने नहीं आया है।
आग सीढ़ी मार्ग की दुकानों पर लगी होने से दमकल पहुंचना मुश्किल था। इस वजह से आसपास के लोगों ने इधर-उधर से पानी लाकर बड़ी मुश्किल से आधे घंटे से भी ज्यादा समय में आग बुझाई। आग से शुरूआती जानकारी में लाखों रुपए का नुकसान होने की बात सामने आई है। पुलिस अब आग कैसे लगी उसका पता करने में जुटी है





