MP: ब्यावरा में मफियाओं का एसडीएम समेत टीम पर हमला, तहसीलदार बाल-बाल बचीं

राजगढ। राजगढ़ के करणवास थाना क्षेत्र में दूधी नदी में अवैध खनन रोकने गई ब्यावरा एसडीएम, नायब तहसीलदार समेत टीम पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। ब्यावरा देहात और करणवास पुलिस की मौजूदगी के बावजूद खनन कर रहे पोकलेन, ट्रैक्टर लेकर खनन माफिया दबंगई दिखाते हुए फरार हो गए। घटना के दौरान खनन माफिया ने पत्थरों-डंडों से हमला किया। जिसमें नायब तहसीलदार भी बाल-बाल बचीं।
दरअसल बुधवार को आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर दूधी नदी में हो रहे अवैध उत्खनन को ब्यावरा एसडीएम गीतांजलि शर्मा अपनी टीम के साथ रोकने पहुंची थी। इस दौरान उनके साथ नायब तहसीलदार सपना झिलोरिया थी। तब ही माफिया टीम पर हमलावर हो गए। हमले के बाद एसडीएम के साथ मौजूद तीन थाने की पुलिस की मौजूदगी में हमलावर करीब 300 मीटर की दूरी पर खड़े रहे। लेकिन टीम अवैध उत्खनन में लगी पोकलेन और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त नहीं कर पाई। फिर माफिया पोकलेन ट्रैक्टर ट्राली लेकर फरार हो गए।
20-30 लोगों ने पत्थरों से किया हमला
एसडीएम टीम के साथ जैसे ही आगे बढ़ीं, माफिया के 20-30 लोगों ने पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान 3 थानों की पुलिस टीम हमलावरों को पकडऩे की हिम्मत नहीं जुटा सकी। एसडीएम ब्यावरा गीतांजलि शर्मा का कहना है कि पुलिस से हमला करने वालों की पहचान करने के लिए कहा है। अवैध उत्खनन पर प्रशासन सख्त है। उन्होंने पथराव करने वाले के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाने की बात कही है।
लोगों ने किया पुलिस का पीछा, की वीडियोग्राफी
हमले के बाद खनन करने वाला दूधी गांव का पूर्व सरपंच संतोष कंजर एसडीएम से बात करने आया। 20 मिनट बातचीत के बाद टीम संतोष को लेकर करणवास थाने के लिए रवाना हुई तो माफिया के लोग बाइक से पीछे लग गए। चार बाइक पर सवार लोग मोबाइल से वीडियोग्राफी करते रहे। इन्हें टोका गया तो इनमें एक ने रिवॉल्वर निकालकर लहरा दी।
संरक्षण में चल रहा खनन
बता दें राजगढ़ में पार्वती और नेवज नदियों पर खनन के साथ ही जिले भर में निजी और सरकारी जमीनों पर अवैध खनन किया जा रहा है। ज्यादातर स्थानों पर प्रशासन अवैध खनन रोकने में नाकामयाब रहा बड़े नेताओं पर संरक्षण के आरोप लग रहे हैं। वर्तमान में ब्यावरा सब डिवीजन में सुठालिया के समीप पार्वती नदी में सेमलापार, टोड़ी, नरसिंहगढ़ में शिवपुरा, तरेनी, सुंडी, बरोड़ी इलाके में धड़ल्ले से खनन किया जा रहा है।
वहीं पचोर तहसील क्षेत्र के चोमा गांव से नेवज नदी से खनन करते हुए एक जेसीबी दो दिन पहले ही प्रशासन ने जब्त की थि, बावजूद इसके खनन कारोबार नहीं थमा है। वहीं सारंगपुर के सादनखेड़ी में रेशमकेंद्र की शासकीय भूमि से खनन माफिया रोज खनन कर रहे हैं।

img 20240627 1554541399895915618824561

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles