MP: कांग्रेस की प्रदेश टीम बनाने की कवायद शुरू
पीसीसी की टीम में 50 से कम वालों को मिलेगी जगह


भोपाल। लोकसभा चुनाव के बाद अब जीतू पटवारी प्रदेश कांग्रेस की मुख्य कार्यकारिणी के साथ ही अब फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन और विभागों, प्रकोष्ठों में बदलाव करेंगे। पटवारी पीसीसी की नई टीम में 50 साल से कम उम्र के कार्यकर्ताओं को मौका देंगे। इनमें कुछ नौजवान विधायकों को भी शामिल किया जा सकता है।
जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था। पीसीसी चीफ बनने के 4 महीने बीतने के बाद भी पटवारी कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी नहीं बना पाए। लोकसभा चुनाव भी पटवारी ने बिना टीम के ही लड़ा। मध्यप्रदेश की 29 सीटों पर लोकसभा चुनाव का मतदान होने के बाद पटवारी ने अब संगठन को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। लोकसभा चुनाव के मतदान के बाद वोटर्स, कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देने के साथ ही पटवारी ने कहा कि अब कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।
बुधवार को जीतू पटवारी ने कहा- तीन महीने पहले इतनी बड़ी हार के बाद कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाई। अब आश्चर्यचकित करने वाले परिणाम आएंगे। मैं ये मानता हूं कि यदि डबल डिजिट में यहां की लोकसभा सीटें आएं तो बहुत आश्चर्य मत समझना। हम विपक्ष में हैं, चुनाव आए हमने चुनाव की प्रोसेस पूरी की। अब संगठन को मजबूत कर आइडियोलॉजी पर काम करना हमारा दायित्व है। हम तीन-चार चुनाव हारे हैं। इसका हम सारा दोष बीजेपी को नहीं दे सकते। हमारी भी कमियां हैं उनमें सुधार करना है। मैं मानता हूं कि उस पर काम चालू है। जल्दी अच्छे-अच्छे परिणाम कांग्रेस के साथियों को मिलेंगे।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति
पिछले महीने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से डॉ. विक्रांत भूरिया ने इस्तीफा दे दिया था। विक्रांत ने पिता कांतिलाल भूरिया के चुनाव प्रचार में समय देने का हवाला देते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद ग्वालियर के मितेंद्र सिंह यादव को युवा कांग्रेस को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। 9 अप्रैल को प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से ही मितेंद्र ने प्रदेश भर में चुनावी दौरे शुरू कर दिए थे।
महिला कांग्रेस सहित पूरी कांग्रेस में होगा बदलाव
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी पीसीसी के टीम के साथ ही महिला कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, एससी कांग्रेस, एसटी कांग्रेस और सभी विभागों, प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियां होंगी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles