MP: नीट-नर्सिंग घोटाले पर प्रदेशभर में प्रदर्शन, पुलिस से भिड़े कांग्रेस कार्यकर्ता, वाटर कैनन से खदेड़ा, मंदसौर में पुतला फूंकते समय नेता आग में झुलसे

भोपाल। मध्यप्रदेश में नर्सिंग कॉलेज घोटाला और नीट परीक्षा में पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। इस दौरान जबलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और उन्हें खदेड़ा। इधर, मंदसौर में पुतला दहन करते समय कांग्रेस नेता के कुर्ते में आग लग गई। इससे वे झुलस गए।

भोपाल में नर्सिंग घोटाले, पेपर लीक जैसे मुद्दों पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने वाटर कैनन से खदेड़ा। भोपाल शहर कांग्रेस और ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के पास जुटे। उन्होंने प्रदेश सरकार और तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर मंत्री के बंगले का घेराव किया। उन्होंने मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए भोपाल कलेक्टर के नाम से एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

मंदसौर: पुतला फूंक रहे थे, कांग्रेस नेता के कुर्ते में लगी आग

मंदसौर में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह तोमर के कुर्ते में आग लग गई। हालांकि कार्यकर्ताओं ने तत्काल आग बुझा ली। बता दें कि कांग्रेस नेता प्रदर्शन के दौरान मंत्री का पुतला जला रहे थे। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओ के बीच कुछ देर पुतले की छीना झपटी चलती रही।

मौके पर फायर फाइटर ने पानी की बौछार डालकर पुतले की आग बुझाई। इसी दौरान कार्यकर्ता एक और पुतला ले आए और उसे दहन किया। इस दौरान नगर अध्यक्ष के कुर्ते में आग लग गई जिसे तुरंत बुझाया गया। हालांकि इस दौरान उनकी गर्दन मामूली रूप से झुलस गई।

जबलपुर के गांधी टाउन हॉल से कांग्रेस कार्यकर्ता जैसे ही कलेक्ट्रेट परिसर के लिए निकले तो पुलिस ने उन्हें घंटाघर चौक पर रोक लिया। कांग्रेस का उग्र आंदोलन देख पुलिस ने वाटर कैनन से उन पर पानी की बौछार की। कांग्रेस कार्यकर्ता भी बेरिकेड्स पर चढ़ गए और आगे बढ़ने की कोशिश की। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन चलता रहा। जिसके बाद पुलिस ने कांग्रेस के 50 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।

img 20240701 2209231736808494396297430

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles