MP: छतरपुर में सीबीआई छापा, एनएचएआई अफसर सहित  छह लोग लिए हिरासत में..

छतरपुर।  जिले में सीबीआई की एक टीम ने रविवार सुबह को एनएचएआई के डायरेक्टर के घर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामले की जांच में पहुंची। हालांकि यह टीम शनिवार की रात ही पहुंच गई थी। जिसने लगभग 16 घंटे तक जांच-पड़ताल के बाद एनएचएआई के डायरेक्टर पीएल चौधरी सहित 6 लोगों से पूछताछ की। इसके बाद इन्हें हिरासत में लेकर दिल्ली रवाना हो गई। हालांकि इस पूरी कार्रवाई के बारे में सीबीआई के अधिकारियों ने मीडिया को कोई जानकारी नहीं दी।

स्थानीय पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सीबीआई की टीम शनिवार की रात 8 बजे पन्ना रोड के अम्बेडकर नगर में रहने वाले एनएचएआई के डायरेक्टर पीएल चौधरी के घर पहुंची और यहां पहुंचकर उनसे एक शिकायत के संबंध में काफी देर तक पूछताछ करती रही। टीम ने रविवार की सुबह उनके साथ ही एनएचएआई कार्यालय जाकर कुछ दस्तावेज बरामद किए और उन्हीं की निशानदेही पर सड़क निर्माण करने वाली पीएनसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ब्रजेश मिश्रा को भी हिरासत में लिया।

इसके बाद एनएचएआई और पीएनसी से जुड़े शुभम जैन, अनिल जैन, सत्यनारायण अंगलूरी और प्रेम कुमार सिन्हा को भी पकड़ा गया। शाम करीब 4 बजे सीबीआई की टीम इन सभी 6 लोगों को एनएचएआई के वाहनों में ही बैठाकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और पकड़े गए लोगों के मेडिकल कराए गए और इसके बाद इन सभी को लेकर दिल्ली रवाना हो गई। मीडिया के बार-बार अनुरोध के बावजूद सीबीआई ने गोपनीयता का हवाला देते हुए इस कार्रवाई के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles