MP: भाजपा लोकसभा चुनाव में लगे नेताओं का परफॉरमेंस रिव्यू करेगी l, 4 जून के बाद होगी समीक्षा बैठक

भोपाल। लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद भारतीय जनता पार्टी अपने नेताओं, पदाधिकारियों की फिर से समीक्षा करेगी। प्रदेश स्तर पर सभी 29 लोकसभा सीटों के लोकसभा प्रभारी, संयोजक, विधायक, चुनाव प्रबंधन से जुड़े नेताओं के काम की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही सभी लोकसभा की चुनाव प्रबंधन समितियों और विधानसभाओं की चुनाव प्रबंधन समिति के 38 विभागों की समीक्षा भी की जाएगी।

भोपाल में होने वाली रिव्यू मीटिंग में बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, सीएम डॉ मोहन यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे।
बीजेपी लोकसभा चुनाव के बाद इस बात की समीक्षा करेगी कि, चुनाव प्रबंधन में किस पदाधिकारी को क्या जवाबदारी दी गई थी और उसे जो टास्क दिए गए हैं वे कितने पूरे हुए हैं। इसके साथ ही यह देखा जाएगा कि किसके इलाके में कितने बूथ पार्टी ने जीते, खासकर विधायकों के क्षेत्र में यह तुलनात्मक रूप से रिपोर्ट बनाकर समीक्षा की जाएगी कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कितने बूथ जीते थे और लोकसभा चुनाव में उनमें से कितने बूथों पर हार मिली। यदि विधानसभा सीट पर लीड घटी तो विधायक से संगठन जवाब तलब कर सकता है।
कायकर्ता को काम देकर लगातार निगरानी करती है भाजपा
बीजेपी के प्रदेश महामंत्री और विधायक भगवानदास सबनानी कहते हैं भारतीय जनता पार्टी संगठन की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को देती है और उस कार्यकर्ता के काम की लगातार समीक्षा ये काम का हिस्सा है। चाहे लोकसभा का चुनाव हो या विधानसभा का चुनाव हो, छोटे चुनाव हों, या कोई अन्य दायित्व दिया है। तो उस दायित्व की समीक्षा की जाती है। क्योंकि, पार्टी जिस तेजी के साथ आगे बढ़ रही है तो इसमें हर स्तर पर कार्यकर्ता का मूल्यांकन होना और समीक्षा होना, कार्यकर्ताओं की क्षमता को निखरना यह पार्टी के काम का एक हिस्सा है। इसके कारण पार्टी तेजी से आगे बढ़ रही है।

सबनानी कहते हैं ये जो लोकसभा के चुनाव हुए हैं इनमें बड़ी सफलता मिलती दिख रही है। और सभी 29 लोकसभा में भाजपा जीतने वाली है। लेकिन हमारा कार्यकर्ता जिस काम के लिए तय किया गया था। उसने अपने काम को जिस खूबसूरती और मेहनत के साथ किया। इसका आंकलन भी पार्टी अपने स्तर पर करेगी।

अच्छा काम करने वाले वर्कर को आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं
विधायक सबनानी कहते हैं पार्टी का एक बड़ा सिस्टम है। शक्ति केन्द्र, मंडल स्तर से लेकर जिले के स्तर पर हर कार्यकर्ता के काम का आंकलन लगातार चलता है। उसके हिसाब से ही उसकी जिम्मेदारी तय है। फिर दी गई जिम्मेदारी की समीक्षा करने के बाद कार्यकर्ता का मूल्यांकन किया जाता है। इसी के कारण कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। जो काम हमें मिला उसे हमने समर्पण के साथ किया तो निश्चित तौर पर पार्टी आगे – पीछे फिर विचार करती है। लेकिन, दिए गए काम के प्रति जो लापरवाह रहते हैं। क्योंकि चुनाव किसी भी राजनीतिक दल के लिए कसौटी होता है। उसमें हमारे काम की गुणवत्ता सही नहीं है तो यह बात पार्टी के संज्ञान में आती है।

चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई भी होगी
चुनाव में भितरघात करने वालों पर कार्रवाई के सवाल पर भगवानदास सबनानी कहते हैं- पार्टी के विधान में यह उल्लेख है कि जो कार्यकर्ता अलग होकर चुनाव लड़ता है। वह स्वाभाविक रूप से अलग निकल ही जाता है। लेकिन, पार्टी के बाकी तंत्र हैं वहां से सूचना आती है कि, इस कार्यकर्ता ने पार्टी की लाइन के खिलाफ जाकर काम किया। अगर उसके प्रमाण आते हैं तो पार्टी उसके खिलाफ कार्रवाई करती है। और यह लगातार चलता है नगर निगम के चुनाव हुए हों, या उपचुनाव हुए हों, या विधानसभा के चुनाव हुए हों, और इस चुनाव में जिस किसी कार्यकर्ता की शिकायत आई है। और लगता है कि शिकायत करने वाला कार्यकर्ता ने सबूत दिए हैं और प्रमाणित होता है। निश्चित तौर पर कार्रवाई होती है। तो बाकी कार्यकर्ताओं को भी यह सबक मिले कि हम कुछ भी करते रहेंगे और चल जाएगा। तो ये बात भी याद रहे कि पार्टी की सबके ऊपर नजर रहती है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles