MP: बीजेपी नेता ने एएसआई को लात मारी, VIDEO:सागर में जिला पंचायत सदस्य ने की हवाई फायरिंग; पुलिस ने दर्ज किया मामला
सागर। खुरई में भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत सिंह ने ढाबा में घुसकर फायरिंग की। गोली चलाते हुए एक पुलिसकर्मी को लात भी मारी। तोड़फोड़ भी की।
घटना 23 जुलाई की है। इसका वीडियो शनिवार को सामने आया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सर्वजीत सिंह और उसके साथियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीडियो में ये नजर आ रहा..
वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी सर्वजीत सिंह ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा है। वह सफेद कुर्ता पहने है। हाथ में बंदूक लेकर साथियों के साथ ढाबा में आता है। हवाई फायरिंग करता है। जिसकी आवाज सुनकर वहां केबिन में बैठकर खाना खा रहे बांदरी थाना में पदस्थ एएसआई देवेन्द्र श्रीवास्तव बाहर आते हैं। आरोपी उनके सामने भी फायर करता है। वह एएसआई को लात मारता है।खुरई एसडीओपी सचिन परते का कहना है कि आरोपी ने पुलिस वाले का केवल हाथ पकड़ा था और कुछ नहीं किया।
इस मामले में फरियादी ढाबा संचालक सौरभ (32) पिता बाबूलाल साहू निवासी बांदरी ने बताया कि वह नेशनल हाईवे नंबर 44 पर ढाबा चलाता है। मंगलवार रात बांदरी के ही रहने वाले रिषभ पाटकर, अरविन्द पाटकर, कुलदीप ठाकुर और छोटू लोधी यहां चाय पीने आए थे।
यहां पहले से सर्वजीत लोधी का ड्राइवर सौरभ सूर्यवंशी अपने एक साथी के साथ बैठा हुआ था। इस दौरान चाय पीने आए चार लोगों में से छोटू लोधी ने वहां रखे डस्टबीन में थूक दिया। इस पर सौरभ सूर्यवंशी ने गाली गलौज करते हुए वहां रखी कांच की बोतल कुलदीप ठाकुर को मारी।
ड्राइवर ने फोन कर बीजेपी नेता को बुलाया
ढाबा संचालक ने बताया कि विवाद बीच सौरभ सूर्यवंशी ने सर्वजीत सिंह को फोन कर वहां बुला लिया। जिस पर सर्वजीत के साथ हार्दिक ठाकुर और संदीप राय कार से ढाबा पर आए। सर्वजीत ने दो नाल बंदूक से हवाई फायर करना शुरू कर दिया। इसके बाद अन्य लोग ढाबा में घुसकर गाली-गलौज करते और तोड़फोड़ करने लगे।
ढाबा संचालक ने बताया- आरोपियों ने एलसीडी, फ्रिज, काउंटर के कांच समेत अन्य सामान तोड़ दिया। सर्वजीत ने अंदर आकर केबिन और दीवार पर दो से तीन हवाई फायर किए। विरोध किया तो आरोपियों ने जीजा मनीष साहू के साथ मारपीट कर दिया। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर सर्वजीत लोधी, सौरभ सूर्यवंशी, हार्दिक ठाकुर और संदीप राय के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 324(5), 351(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।





