विधायक पाठक पर गरीबी रेखा वाले कर्मियों के नाम पर खरीदी के आरोप
कटनी। भाजपा विधायक संजय पाठक द्वारा पांच आदिवासियों के नाम पर जमीन खरीदने में किए गए कथित फर्जीवाड़े की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को एडिशनल एसपी डॉ संतोष डेहरिया ने शिकायतकर्ता माई नदी निवासी दिव्यांशु मिश्रा के बयान दर्ज किए। उन्होंने विधायक पर पांच जिलों में बैगा आदिवासी की जमीन खरीदी में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता दिव्यांशु मिश्रा ने एएसपी को दिए बयान में आरोप लगाया है कि विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक द्वारा कटनी जिले के अपने चार आदिवासी कर्मचारियों के नाम पर प्रदेश के डिंडौरी, जबलपुर, उमरिया, कटनी एवं सिवनी जिले में बैगा आदिवासियों के साथ धोखाधड़ी कर अरबों रुपए कीमत की 1135 एकड़ जमीनें खरीदी गई हैं। इन चारों आदिवासियों में से तीन नत्थू नत्थू कोल, प्रहलाद कोल एवं राकेश सिंह गौड गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वालों की सूची में शामिल हैं।
विधायक से जुड़ी कम्पनियों को ट्रांसफर हुई जमीनें
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आदिवासी नत्थू कोल के नाम पर विभिन्न जिलों में जमीनों की खरीदी
करने के बाद उमरिया जिले के मानपुर तहसील के ग्राम ताला की कलेक्टर से अनुमति लेकर 42 एकड़ जमीन विधायक संजय पाठक की पारिवारिक कंपनी निर्मला छाया नेचर रिसॉर्ट ने खरीद ली। इसी तरह अन्य आदिवासियों की जमीनें उनसे जुड़ी कम्पनियों आनंद माइनिंग कार्पोरेशन, सायना स्टील प्राइवेट लिमिटेड व निर्मला छाया नेचर रिसॉर्ट के नाम पर खरीद ली गई।
ट्रांजेक्शन भी संदिग्ध
शिकायत में बताया गया है कटनी जिले के गरीब आदिवासियों के नाम कर अरबों की जमीनें खरीदी गई है। इन आदिवासियों के खातों में रुपए का लेनदेन विधायक व उनके परिवार से जुड़ी कंपनियों से होने का आरोप है। जमीनों के विक्रय करने पर आदिवासियों के खातों में पहुंची करोड़ों रुपए की राशि को बंगाल र`डिट कार्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड, महाकौशल प्लांटेशन, शारदा मां ट्रेडमार्क प्राइवेट लिमिटेड में ट्रांसफर किया गया है।
इन गरीब आदिवासियों के नाम पर जमीनें
– बरही के ग्राम सुतरी निवासी आदिवासी रघुराज सिंह गौड़ के नाम पर डिंडौरी, जबलपुर, कटनी जिले में 432.65 एकड़ जमीन खरीदी गई हैं। यह सभी जमीनें आदिवासियों को ली गईं।
– विजयराघवगढ़ के ग्राम गोइंद्रा निवासी नत्थू कोल के नाम पर डिंडोरी, उमरिया, जबलपुर कटनी जिले की 369.70 एकड़ जमीन खरीदी गई हैं।
– सीएलपी पाठक वार्ड निवासी प्रहलाद कोल के नाम पर डिंडोरी, जबलपुर व कटनी जिले 199.40 एकड़ जमीन खरीदी गई हैं।
– बरही के ग्राम बरमानी निवासी राकेश सिंह गौड़ के नाम पर डिंडोरी, उमरिया, कटनी एवं सिवनी जिले में 132.88 एकड़ जमीन खरीदी गई हैं।
इनका कहना है
विधायक संजय पाठक के विरुद्ध आदिवासियों की जमीन कम दाम में धोखाधड़ी कर खरीदने के संबंध में हुई शिकायत की जांच मेरे द्वारा की जा रही है। शिकायकर्ता के कथन दर्ज किए गए है। प्रकरण में जांच पूरी कर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी।
डॉ. संतोष डेहरिया, एएसपी, कटनी
