राजगढ़ में बस पुलिया से नीचे गिरी, 2 की मौत, 40 घायल
इंदौर से अशोकनगर जा रही थी; महिला बोली- ड्राइवर ने शराब पी रखी थी

शाजापुर। राजगढ़ में सोमवार रात इंदौर से अशोकनगर जा रही निजी बस पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। बस में 55 यात्री सवार थे, जिनमें से 40 घायल हो गए। 19 का इलाज इंदौर, 3 का शाजापुर, 10 का ब्यावरा और 3 का पचोर अस्पताल में चल रहा है। घायलों में बच्चे-बुजुर्ग शामिल हैं। हादसे के बाद बस ड्राइवर और कंडक्टर फरार हो गए हैं। एक महिला यात्री ने बताया कि ड्राइवर ने शराब पी रखी थी और बार-बार मोबाइल देख रहा था।
जानकारी अनुसार इंदौर से आकर पिछोर जा रही बालाजी बस सर्विस की बस क्रमांक यूपी-78-जीटी-3394 आगरा-मुंबई हाईवे पर पचोर के पास पुलिया से नीचे गिरी है। हादसा रात एक से डेढ़ बजे के बीच हुआ। सूचना मिलते ही पचोर थाना प्रभारी आकांशा शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घायलों को ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से पचोर अस्पताल पहुंचाया गया। पचोर से शाजापुर रेफर किया गया। जिला अस्पताल में पदस्थ आरएमओ डॉ. सचिन नायक ने बताया कि 22 घायल यात्रियों को यहां लाया गया, जिसमें से 19 गंभीर रूप से घायल थे, उनको इंदौर रेफर किया गया है। शाजापुर से घायलों को इंदौर रेफर किया
थाना प्रभारी ने बताया कि हरिओम पिता हसरत सिंह कुशवाह निवासी भटोली अशोकनगर और एक अज्ञात की मौके पर ही मौत हो गई है। इसकी उम्र लगभग 30 साल होगी। पचोर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद 22 घायलों को शाजापुर रेफर किया गया। शाजापुर जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार उपचार के बाद 19 घायलों को इंदौर रेफर किया है।
19 को इंदौर रैफर किया
22 गंभीर घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां से 19 को इलाज के बाद इंदौर भेजा गया। 3 का इलाज शाजापुर जिला अस्पताल में चल रहा है। इंदौर के निवासी होने से 5 को पहले ही पचोर अस्पताल से सीधे इंदौर रेफर कर दिया गया था। 10 घायलों को ब्यावरा अस्पताल भेजा गया था। 3 का इलाज पचोर अस्पताल में चल रहा था, जिनसें से 1 को छुट्टी दे दी गई है। दो अभी भर्ती हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles