MP: नदी में नाव डूबी, तीन बच्चों समेत 7 की मौत
श्योपुर। श्योपुर की सीप नदी में यात्रियों से भरी नाव पलटकर डूब गई। इस हादसे में 3 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 4 लोग एक ही परिवार के थे। हादसा श्योपुर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के सरोदा गांव में शनिवार शाम करीब 4 बजे हुआ।
बताया जा रहा है कि सीप नदी में 11 लोग नाव में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में तेज आंधी के चलते नाव पलट गई। चार लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने 4 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 7 शवों को नदी से निकाला। मृतक बडौदा और विजयपुर के रहने वाले थे।
प्रशासन ने की इनकी मौत की पुष्टि
• परशुराम पुत्र सूरजमल, उम्र 25 साल
• आरती पुत्री कान्हाराम, उम्र 16 साल
• लाली पुत्री रामवतार, उम्र 15 साल
• भूपेंद्र पुत्र रामअवतार, उम्र 4 साल
• श्याम पुत्र परशुराम, उम्र 10 साल
• रविंद्र पुत्र परशुराम, उम्र 8 साल
• परवंता पत्नी परशुराम माली विजयपुर
कांग्रेस विधायक ने की पुल बनाने की मांग
हादसे की जानकारी लगते ही श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल भी मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर उन्होंने दुख जताया और नदी पर पुल बनाने की मांग की। वहीं बीजेपी में जा चुके विजयपुर से विधायक रामनिवास रावत भी रात में घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की। वहीं घटना को लेकर दुख जताया।





