नर्सिंग घोटाले पर विधानसभा में फिर हंगामा
मंत्री सारंग को लेकर चर्चा पर अड़ा विपक्ष, विजयवर्गीय बोले- अवैध कॉलोनियां वैध नहीं होंगी

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन नर्सिंग घोटाले के मामले में मंत्री विश्वास सारंग को लेकर हंगामा हो गया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सारंग के खिलाफ विशेषाधिकार हनन पर चर्चा की मांग की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि उन्हें सूचनाएं मिली हैं। इनका परीक्षण करने के बाद आगे का निर्णय लेंगे। विपक्ष चर्चा कराने की मांग पर अड़ा रहा। इसके चलते सदन में हंगामे की स्थिति बन गई।
मंत्री सारंग के खिलाफ विशेषाधिकार हनन पर चर्चा की मांग
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर से मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ विशेषाधिकार हनन पर चर्चा की मांग की। तोमर ने कहा कि उन्हें सूचनाएं मिली हैं। वे परीक्षण करने के बाद आगे का निर्णय लेंगे।
स्पीकर बोले- 2 जुलाई को हो चुकी चर्चा
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा- 2 जुलाई को नर्सिंग घोटाले पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से लंबी चर्चा कराई गई थी। चर्चा दोनों पक्षों की सहमति से हुई थी। अब आगे इस पर हंगामे की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
अवैध कालोनी: नेक्सस काम कर रहा है
इससे पहले विधायक हरदीप सिंह डंग ने अवैध कॉलोनियों को वैध करने का मामला उठाया। इसके जवाब में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, प्रदेश में एक नेक्सस काम कर रहा है। जिसको रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने कड़े कानून बनाने के निर्देश दिए हैं। हम अवैध कॉलोनियों को वैध नहीं करेंगे, लेकिन जरूरी सुविधाओं का ध्यान रखेंगे।
वेतन-भत्ते नहीं लेंगे मंत्री चैतन्य काश्यप
एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप इस बार भी वेतन और भत्ते नहीं लेंगे। उन्होंने सदन में कहा कि इसके पहले भी वे विधायक थे, तब भी उन्होंने वेतन-भत्ते की राशि नहीं ली थी। वे आर्थिक रूप से सक्षम हैं।
मंत्री विजयवर्गीय बोले- अवैध कॉलोनियों को वैध नहीं करेंगे
विधायक हरदीप सिंह डंग ने पूछा, अवैध कॉलोनियों को वैध करने के निर्देश थे? इसके जवाब में संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इसे रोकने के लिए मुख्यमंत्री ने कड़े कानून बनाने के निर्देश दिए हैं। विधायक डंग ने कहा- जहां कभी खेत हुआ करते थे, वहां कॉलोनी काटी जा रही हैं। 15-20 साल पहले बनी कॉलोनियों को वैध करना चाहिए। मंत्री विजयवर्गीय ने जवाब दिया- अवैध कॉलोनी को वैध तो नहीं करेंगे, लेकिन नागरिक सुविधा मिल जाए, इसके लिए काम किया जाएगा।
मंत्री प्रह्लाद पटेल बोले- सरकार चर्चा से भागती नहीं है
पंचायत मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा, विपक्ष को प्रश्नकाल को चलने देना चाहिए। पर्याप्त समय है, हर मुद्दे पर चर्चा हो सकती है। ध्यानाकर्षण में नर्सिंग को लेकर काफी देर तक चर्चा इसका प्रमाण है कि सरकार चर्चा से भागती नहीं है।
मूंग की बोरी लेकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक
टिमरनी विधायक अभिजीत शाह मूंग की बोरी कंधे पर रखकर नारेबाजी करते हुए विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा, भाजपा किसान विरोधी सरकार है। किसानों के लिए नया नियम पारित कर दिया है, जिससे किसानों को नुकसान होगा।
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी बोले- कांग्रेस कहती है कि राम पैदा ही नहीं हुए
पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने कहा- कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। वो कहते हैं कि राम पैदा ही नहीं हुए। श्रीराम हमारे पूर्वज हैं। अपने पूर्वजों को याद करना और उनके स्थानों को विकसित करना सरकार का राजधर्म है। कृष्ण पाथेय पर भी काम चल रहा है। नर्सिंग घोटाले पर लोधी ने कहा- कांग्रेस की बातें तथ्यहीन हैं। उनकी हालत सांप छछूंदर जैसी हो गई है। कांग्रेस घोटालों की बात करती है तो पहले उन्हें अपने गिरहबान में झांककर देखना चाहिए।



