UP BJP: केशव प्रसाद मौर्य के समर्थन में उतरे बीजेपी विधायक, बोले- ‘कुछ लोग…’ सीएम योगी पर भी दिया बयान
वाराणसी। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के समर्थन में बीजेपी विधायक सुशील सिंह उतर आए हैं. चंदौली की सैयदरजा सीट से विधायक सुशील सिंह ने कहा, ‘संगठन सरकार से बड़ा होता है. किसी भी दल में संगठन ही सरकार बनाता है. कुछ लोग गुमराह हैं . उनको समझना चाहिए कि सरकार बड़ा नहीं होता संगठन बड़ा होता है.’ 2027 में योगी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने पर सुशील सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी आगे फैसला करेगी।
सुशील सिंह ने कहा, ‘मेरी जानकारी में कोई समस्या नहीं है. सरकार से बड़ा संगठन होता है. संगठन ही सरकार बनाता है. वो कोई विषय नहीं है. यह जरूर है कि लोकसभा चुनाव का जो रिजल्ट आया है, वह हमारे लिए उतना अच्छा नहीं है. योगी प्रदेश के मुखिया हैं. हमारा मानना है कि उनके नेतृत्व में होना चाहिए लेकिन देखना होगा कि पार्टी क्या निर्णय लेती है. विधायकों में नाराजगी जरूर है. उनकी समस्याएं हैं लेकिन जरूरी यह है कि वो अपनी समस्याओं से अवगत कराएं.’
इससे पहले, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को दोहराया कि ‘संगठन सरकार से बड़ा है और वह कार्यकर्ताओं के दर्द को अपना मानते हैं क्योंकि कार्यकर्ता ही पार्टी का गौरव होते हैं.’ मौर्य ने बीते रविवार को बीजेपी की कार्यसमिति की बैठक के दौरान भी यह बात कही थी. उपमुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा, ‘संगठन सरकार से बड़ा है, कार्यकर्ताओं का दर्द मेरा दर्द है. संगठन से बड़ा कोई नहीं, कार्यकर्ता ही गौरव हैं.’
मौर्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच कथित तल्खी और उपमुख्यमंत्री द्वारा नई दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के एक दिन बाद यह पोस्ट किया गया. हालांकि अब तक ना तो बीजेपी ने और ना ही मौर्य ने इस मुलाकात के बारे में कोई बयान दिया है.





