राजयसभा चुनाव: कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुईं, उमंग सिंघार बोले – मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में कांग्रेस पूरी तरह एकजुट

गांधीवादी विचार और महिला सशक्तिकरण का चेहरा हैं मीनाक्षी नटराजन : जीतू पटवारी

भोपाल। कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी श्री हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार, राज्यसभा प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन,CWC सदस्य श्री कमलेश्वर पटेल जी,कांग्रेस विधायक दल के सभी सम्मानित विधायकगण, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं वरिष्ठ नेताओं ने सहभागिता की।

बैठक के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ, वरिष्ठ नेता श्री दिग्विजय सिंह तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। उनके मार्गदर्शन और समर्थन ने विधायकों के बीच एकजुटता और आत्मविश्वास का संदेश दिया।

बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा चुनाव संबंधी रणनीति और आगे की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान कांग्रेस पार्टी की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और राज्यसभा चुनाव में पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा हुई।

बैठक के पश्चात आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार एवं राज्यसभा प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन ने मीडिया को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री मुकेश नायक भी उपस्थित रहे।

*नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार ने कहा कि* कांग्रेस विधायक दल की बैठक पूरी तरह शांतिपूर्ण, सकारात्मक और एकजुट वातावरण में संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा राज्यसभा के लिए अधिकृत प्रत्याशी के रूप में चुनी गईं सुश्री मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं। उन्होंने भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक पूरी मजबूती के साथ पार्टी के साथ खड़े हैं। श्री सिंघार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतारती है, तब भी कांग्रेस पार्टी पूरे बहुमत के साथ चुनाव जीतेगी।

*प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने कहा कि* सुश्री मीनाक्षी नटराजन गांधीवादी विचारधारा की मजबूत प्रतिनिधि हैं। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें महिलाओं के उत्थान, सशक्तिकरण, स्वच्छ राजनीति और जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में देश और प्रदेश की जनता का विश्वास लगातार कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के नेतृत्व में बढ़ रहा है। जनता वैकल्पिक राजनीति, संवैधानिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस की प्रतिबद्धता को समझ रही है।

श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। राज्यसभा चुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं है, बल्कि यह उन मूल्यों और विचारों की लड़ाई है जिन्हें कांग्रेस पार्टी देश में मजबूत करना चाहती है।

*राज्यसभा प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन ने अपने संबोधन* में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश नेतृत्व तथा सभी विधायकों का उन पर विश्वास व्यक्त करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन छात्र संगठन एनएसयूआई से शुरू हुआ और कांग्रेस पार्टी ने उन्हें जनसेवा के अनेक अवसर प्रदान किए। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव और लोकसभा में प्रतिनिधित्व के दौरान मिले अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी।

*सुश्री नटराजन ने कहा कि*
आज देश में संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक समरसता की रक्षा की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। राहुल गांधी द्वारा देश में संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और भारत निर्माण के लिए चलाए जा रहे अभियान में वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल उनका व्यक्तिगत चुनाव नहीं है, बल्कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के संकल्प का चुनाव है।

बैठक और प्रेस वार्ता के माध्यम से कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया कि मध्य प्रदेश कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और राज्यसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी विधायक एवं नेता सामूहिक रूप से कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार भारी समर्थन के साथ विजयी होगा तथा भाजपा की राजनीतिक रणनीतियां और दुष्प्रचार पूरी तरह विफल होंगे।

Exit mobile version