Nursing ghotala: केंद्रीय कृषि मंत्री के चैंबर के बाहर रखी मैगजीन बनी चर्चा का विषय
भोपाल। प्रदेश का नर्सिंग घोटाला तरह तरह से दिल्ली पहुंच रहा है। सीबीआई की जांच, फिर सीबीआई वालों की जांच, सीबीआई वालों पर कार्रवाई के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रालय में रखी पत्रिका चर्चा का विषय बनी हुई है।
असल में प्रदेश के नर्सिंग घोटाले को लेकर यहां की एक पत्रिका ने विशेषांक जैसा निकाल दिया। ये पत्रिका भोपाल में भले ही न दिख रही हो, पर दिल्ली में जरूर दिख रहीं है। पूर्व सीएम और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के चैंबर के बाहर इस पत्रिका को देख कर लोग चौंक रहे हैं। कुछ अफसरों ने इसे अपने चैंबर में बुलवा लिया है। मजे की बात ये है कि नर्सिंग घोटाले में प्रदेश के जो मंत्री आरोपी बताए जा रहे हैं, वो शिवराज के पारिवारिक सदस्य जैसे रहे हैं। उन्होंने ही इन्हें चिकित्सा शिक्षा मंत्री बनाया था, जब घोटाला हुआ। पत्रिका में मंत्री को कठघरे में खड़ा किया गया है। पूरा विशेषांक मंत्री पर ही केंद्रित है। अब केंद्रीय मंत्री शिवराज को इसकी जानकारी है या नहीं ये तो नही पता, पर पत्रिका की वहां मौजूदगी, दिल्ली से लेकर भोपाल तक के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं में है।






