Nursing ghotala: कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा का काउंटर, थाने में बीजेपी का सुंदरकांड…!

भोपाल। नर्सिंग कॉलेज घोटाले को लेकर गुरुवार को भोपाल में भाजपा-कांग्रेस में टकराव हो गया। मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ FIR कराने अशोका गार्डन थाने तक पैदल मार्च । उधर, भाजपा कार्यकर्ता और महिलाएं थाने में सुंदरकांड कर रहे थे। उनके हाथों में सिंघार और कटारे के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां थीं। पुलिस ने चौराहे पर बैरिकेड्स लगाकर कांग्रेसियों को रोक दिया। यहां भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। टकराव के हालात देखकर पुलिस को अतिरिक्त फोर्स बुलाना पड़ा। हंगामे के बीच कांग्रेस ने मंत्री सारंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग का ज्ञापन पुलिस को सौंपा।
थाने से लौटने के बाद पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा, थाने में सुंदरकांड का पाठ चल रहा था। मैं 10 साल सीएम रहा। ये कहीं नहीं लिखा कि थाने में सुंदरकांड हो सकता है। टीआई ने बताया कि ये पुलिस ने आयोजित किया। फिर कहा, नरेश यादव के जन्मदिन पर पुलिस की ओर से पाठ किया गया है। हमारे कार्यकर्ताओं का जन्मदिन भी थानों में मनेगा। बकरा ईद और गुरुनानक जयंती भी मनेगी।
जहां सुंदरकांड चल रहा था, वहां से जूता फेंका गया। वो एक कॉन्स्टेबल को लगा। मैं सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों को चेतावनी देना चाहता हूं, नियम से नहीं चले तो हम चुप नहीं बैठेंगे।
शिवराज को खुरचन मिली तो मलाई किसने खाई
दिग्विजय ने कहा- व्यापम से लेकर अब तक हो रहे घोटाले की मानसिकता और तरीका…, ये ब्रेन किसका है। उस व्यक्ति का है, जो यहां मुख्यमंत्री रहा। अब केंद्र में मंत्री बन गया। ये कहते हैं कि हमको तो खुरचन मिल जाती थी, मलाई ऊपर जाती थी। शिवराज सिंह को डंपर कांड से लेकर अब तक के घोटालों की खुरचन मिली तो मलाई किसने खाई।
नर्सिंग घोटाले की सीबीआई जांच मध्यप्रदेश सरकार नहीं, हाईकोर्ट के आदेश पर हुई। जांच करने वाले वही लोग हैं, जिन्होंने व्यापम में जांच की थी। EOW, SIT पर भरोसा नहीं कर सकते।
सारंग का इस्तीफा नहीं होने तक आंदोलन करेंगे
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, पुलिस के व्यवहार पर शर्म आती है। पुलिस बीजेपी की कार्यकर्ता बन गई है। प्रशासन संविधान से नहीं बीजेपी के संविधान से चल रहा है। अनुमति लेकर प्रदर्शन करने गए थे। थाने के अंदर बीजेपी के कार्यकर्ताओं को बिठा दिया। इसका मतलब है कि चोर की दाढ़ी में तिनका है। जब तक विश्वास सारंग का इस्तीफा नहीं होगा तब तक कांग्रेस पार्टी सदन से सड़क तक आंदोलन करती रहेगी। जो मंत्री दोषी होगा उसके क्षेत्र में जाकर प्रदर्शन करेंगे। नरेला में शुरुआत की है।


पुलिस ने कहा- कांग्रेस ने मंत्री सारंग के खिलाफ FIR का आवेदन दिया
एसीपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने नर्सिंग घोटाला मामले में तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। इस पर जांच करके फैसला लिया जाएगा।
थाने में सुंदरकांड पर एसीपी ने कहा कि यहां बने मंदिर पर पहले भी ऐसे आयोजन होते रहे हैं।
पटवारी बोले- बीजेपी कार्यकर्ता बनकर काम कर रहा प्रशासन
चार लाख नर्सिंग स्टूडेंट पीड़ित हैं.. परेशान हैं। उनकी लड़ाई कांग्रेस नहीं लड़ेगी तो कौन लड़ेगा? तत्कालीन मंत्री विश्वास सारंग ने नियम बदलवाए, उन पर FIR क्यों नहीं हो रही? क्या कारण है कि प्रशासन बीजेपी का कार्यकर्ता बनकर काम कर रहा है।






