नीट-नर्सिंग घोटाले को लेकर सीएम हाउस घेरने निकले NSUI कार्यकर्ताओं को वाटर कैनन से खदेड़ा, आंसू गैस छोड़ी, प्रदेश अध्यक्ष सहित कई घायल
भोपाल। नर्सिंग घोटाले, नीट पेपर लीक समेत अन्य परीक्षाओं में धांधली के विरोध में एनएसयूआई ने सोमवार को प्रदर्शन किया।दोपहर करीब 2 बजे लगभग 2 हजार कार्यकर्ता सीएम हाउस का घेराव करने निकले। जिन्हें रेडक्रॉस हॉस्पिटल के पास बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने वाटर कैनन चलाई। आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। जिससे एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे घायल हो गए। उन्हें रेडक्रॉस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
प्रदर्शन से पहले मंच के सामने कार्यकर्ताओं में जमकर धक्का-मुक्की हुई। एनएसयूआई कार्यकर्ता सड़क पर धरना देने बैठ गए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत अन्य नेताओं ने भी गिरफ्तारी दी।
प्रदर्शनकारियों की पुलिस ने गिरफ्तारियां शुरू कर दी। पहले पुलिस ने वाटर केनन चलाई और साथ ही आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इससे कुछ देर के लिए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की भीड़ तितर-बितर हुई। लेकिन, कुछ ही मिनट बाद दोबारा एनएसयूआई कार्यकर्ता सड़क पर पहुंच गए। साथ ही धरना देना शुरू कर दिया। इन्हें हटाने पुलिस ने प्रदर्शनकारियों का धरपकड़ शुरू की।
जीतू पटवारी ने भी दी गिरफ्तारी
प्रदर्शनकारियों के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी गिरफ्तारी दी। इस दौरान पुलिस ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पकड़-पकड़कर वैन में बिठाया गया।
जीतू पटवारी बोले- भाजपा को वोट दो, और भाजपा आपके बच्चों के भविष्य का गला घोट देगी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- मप्र की जनता के लिए मैसेज है कि आप भाजपा को वोट दो, और भाजपा एग्जाम में घोटाले कर आपके बच्चों के भविष्य का गला घोट देगी।






