भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को कांग्रेस ने नर्सिंग घोटाले पर चर्चा की मांग की। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, युवाओं के साथ अन्याय हुआ है, चर्चा होनी चाहिए। इस पर संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, मामला कोर्ट में है, इसलिए चर्चा नहीं हो सकती। इसके बाद सदन में हंगामा हो गया। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने दोपहर 1 बजे तक के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी।
विपक्ष के विधायकों ने विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने नर्सिंग घोटाले को लेकर नारेबाजी की और तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग को बर्खास्त करने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, नर्सिंग घोटाले में प्रदेश के अंदर 300 करोड़ की वसूली की गई। मंत्री सारंग ने अपने हिसाब से कानून बनाए। फेरबदल किए। कानून ने फटकार लगाई, लेकिन उन्होंने बात नहीं सुनी। आगे घोटाले न हों, इसको लेकर हम विश्वास सारंग के इस्तीफे की मांक कर रहे हैं।ैं।
कांग्रेस विधायक एप्रिन पहनकर पहुंचे
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस विधायक एप्रिन पहनकर पहुंचे और नर्सिंग घोटाले को लेकर नारेबाजी की। कमलनाथ ने कहा, प्रश्न ये नहीं है कि प्रदेश में घोटाले हुए, प्रश्न ये है कि प्रदेश में कौन सा घोटाला नहीं हुआ। वहीं, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बोले- विपक्ष के पास न मुद्दा बचा है न कोई बोलने वाला। विपक्ष अगर स्थगन प्रस्ताव लाता है तो हम उसका जवाब देने को भी तैयार हैं।
विधानसभा में हंगामे के बाद कार्यवाही स्थगित की गई तो विपक्ष बाहर आ गया। यहां गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन कर तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग को बर्खास्त करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
सिंघार बोले- युवाओं के साथ अन्याय हुआ, चर्चा होनी चाहिए
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सदन में कहा कि नियम कायदों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए। युवाओं के साथ अन्याय हुआ है। भंवर सिंह शेखावत ने पूछा कि एक छात्र कितनी बार परीक्षा देगा? इसके बाद सदन में शोर-शराबा और हंगामा हो गया।
सहकारी बैंक घोटाले पर विधायक देवेंद्र जैन ने सवाल किया
प्रश्न काल में पहला सवाल देवेंद्र कुमार जैन ने किया। जैन ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शिवपुरी में हुए घोटाले की राशि न वसूल करने को लेकर सवाल किया। जैन के सवाल के जवाब में मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि 84.43 करोड़ का घोटाला हुआ था। अब तक 13468 खाताधारकों को 32.69 करोड़ का भुगतान किया गया है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शिवपुरी में 99837 खाताधारकों की 291.66 करोड़ की रकम जमा है। इस मामले में उच्च न्यायालय की खंडपीठ ग्वालियर में दायर याचिकाओं के चलते आरोपियों की संपत्तियों की नीलामी की कार्रवाई स्थगित है।
दिवंगत नेताओं और शहीद को दी श्रद्धांजलि
दिवंगत नेताओं और शहीदों को विधानसभा में श्रद्धांजलि दी गई। सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिवंगत नेताओं के जीवन के बारे में बताया और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बाद संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने श्रद्धांजलि दी। जिन विधायकों के निधन के बाद श्रद्धांजलि अर्पित की गई, उसमें पूर्व विधायक हर्ष सिंह, चंद्रप्रभाष शेखर, विजय दुबे, मकसूदन लाल चंद्राकार, शांतिलाल बिलवाल, बेनी परते, जसवंत सिंह राठौर, मदनलाल त्यागी, वि_ल राव महाले, पूर्व राज्यपाल डॉक्टर अजीज कुरैशी, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी, जैन संत आचार्य विद्यासागर महाराज, आतंकी हमले एवं ड्यूटी पर शहीद जवान तथा 28 फरवरी 2024 की रात में डिंडोरी जिले के शहपुरा के बरझर घाट के पास वाहन दुर्घटना में मृत व्यक्ति शामिल हैं ।
कमलनाथ बोले- प्रदेश में कौन सा घोटाला नहीं हुआ
कांग्रेस विधायक कमलनाथ ने कहा, प्रदेश में कौन सा घोटाला नहीं हुआ, प्रश्न ये है। प्रश्न ये नहीं है कि घोटाला हुआ। उन्होंने कहा, सरकार ने जो वादे किए, उनके प्रावधान बजट में करे, जिन पर चर्चा हो।
सत्र शुरू होने से पहले मंत्री परिषद की बैठक हुई
विधानसभा के बजट सत्र से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्री परिषद की बैठक हुई। विधानसभा के समिति कक्ष में आयोजित इस बैठक की शुरुआत वंदे मातरम राष्ट्रगीत से हुई। केबिनेट में गो तस्करों के लिए सख्ती करते हुए सात साल की सजा एवं उनका वाहन राजसात करने का प्रावधान पारित किया गया। इसके साथ ही बजट को भी अंतिम रूप दिया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा आयकर जमा करने के कैबिनेट निर्णय का विधानसभा में स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा कैबिनेट के माध्यम से स्वयं का और मंत्रीगण का आयकर स्वयं जमा करने के निर्णय का आज विधानसभा में स्पीकर श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रश्नकाल के पश्चात विशेष उल्लेख किया। इस निर्णय का सदस्यों ने मेजें थपथपाकर स्वागत किया। विधान सभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डा यादव ने स्वयं का और मंत्री गण ने भी स्वयं का इनकम टैक्स खुद जमा करने का निर्णय लिया है। वे स्वयं भी अब अपना इनकम टैक्स जमा करेंगे। इस पर नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंगार ने कहा कि वे भी अपना आयकर स्वयं जमा करेंगे। सदन में उपस्थित विधानसभा सदस्यों ने मेजे थपथपाकर इसका स्वागत किया।
MP Vidhansabha: नर्सिंग घोटाले को लेकर हंगामा, मंत्री सारंग को बर्खास्त करने की मांग, कार्यवाही स्थगित
विपक्ष बोला- 300 करोड़ की वसूली हुई
