MP: भाजपा के दो पूर्व विधायकों के बगावती तेवर,  राम निवास की जगह मांगा टिकट

श्योपुर । कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए रामनिवास रावत कैबिनेट मंत्री तो बन गए हैं, लेकिन उप चुनाव में उनको मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। भाजपा के दो पूर्व विधायकों ने उपचुनाव की तारीख तय होने से पहले विधायक पद का टिकट मांगा है। पूर्व विधायक सीताराम आदिवासी ने तो यहां तक कह दिया कि यदि मुझे टिकट नहीं दिया तो परिणाम अच्छे नहीं होंगे, क्योंकि रावत के विधानसभा में 15 हजार, तो मेरे समाज के 60 हजार मत हैं। इसलिए टिकट मुझे दिया जाए।

पूर्व विधायक सीताराम आदिवासी ने साफ किया है कि यदि मुझे टिकट नहीं दिया तो मैं कांग्रेस में भी चला जाऊंगा, जिसका बड़ा नुकसान भाजपा को उठाना पड़ेगा। इसके साथ ही विजयपुर के पूर्व विधायक और छह माह पूर्व हुए चुनाव में रामनिवास के खिलाफ भाजपा से चुनाव लड़ने वाले बाबू लाल मेवरा ने भी बगावती तेवर दिखाए हैं।

उन्होंने भी दैनिक भास्कर से की बातचीत में कहा है कि वह पार्टी के जनसंघ के समय से कार्यकर्ता हैं इसलिए उनको टिकट मिलेगा। यह पार्टी संगठन आधारित है, व्यक्ति आधारित नहीं। उन्होंने कहा कि पिछली बार कुछ अपनों की बगावत से मैं हारा, लेकिन अब जीतूंगा। उन्होंने टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस में जाने की बात तो नहीं की पर यह जरूर कहा कि उनसे कांग्रेसियों ने संपर्क किया है।

विधायक पद से दे चुके हैं इस्तीफा
विजयपुर से विधायक चुने गए रामनिवास रावत भाजपा में शामिल होकर कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के बाद विधायक पद से इस्तीफा दे चुके हैं। इसीलिए यहां पर जल्द ही उपचुनाव होंगे। इन उपचुनाव में भाजपा से रावत को टिकट मिलेगा, ऐसा माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने भाजपा में आने के लिए विधायकी छोड़ी है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles