भोपाल। केंद्रीय किसान कल्याण व पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। लेकिन बीजेपी कार्यालय में केंद्रीय मंत्रियों का स्वागत कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
भोपाल में शिवराज के आने पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। उन्हें फूलमालाएं पहनाईं। गुलदस्ते दिए। राज्य सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने तलवार देकर स्वागत किया। शिवराज यहां से बीजेपी दफ्तर के लिए निकले हैं। विशेष रथ पर सवार केंद्रीय मंत्री शिवराज का रास्ते में जगह-जगह स्वागत किया जा रहा है।
शिवराज रविवार सुबह शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली से रखाना हुए थे। ट्रेन में यात्रियों से चर्चा और बच्चों को दुलार करते हुए वे भोपाल पहुंचे। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में उन्होंने कहा, ‘जहां मामा रहेगा, वहां मामा का घर भी होगा। पूरे देश के लिए रोडमैप बनाया है, इसी के हिसाब से मध्यप्रदेश में भी विकास कार्य किए जाएंगे।’जब पूछा गया कि दिल्ली में आप टॉप 5 में दिख रहे हैं तो शिवराज ने कहा- कोई टॉप 5 नहीं होता। हर एक मंत्री महत्वपूर्ण है। सब कार्यकर्ता हैं।
भाजपा कार्यालय में अभिनंदन समारोह नहीं पुष्पांजलि दी जायेगी
भाजपा कार्यालय में शाम 5 बजे केंद्रीय मंत्रियों के अभिनंदन समारोह में बदलाव किया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सत्यनारायण जटिया की पत्नी के निधन के चलते अब मंत्रियों का स्वागत नहीं किया जाएगा। अब सभी नेता भाजपा कार्यालय परिसर में लगी दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण ही करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के अलावा पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां मौजूद रहेंगे।
दो केंद्रीय मंत्री नहीं आएंगे भोपाल
दो केंद्रीय मंत्री डॉ. एल मुरुगन और डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, खटीक झांसी रेलवे स्टेशन पर उतरकर ओरछा जाएंगे। वहीं, मुरुगन दिल्ली में जरूरी बैठक में शामिल होने के चलते भोपाल नहीं आएंगे।
