MP : डबल इंजन सरकार ने मप्र को बनाया बेरोजगारी और औद्योगिक बर्बादी का केंद्र:  जीतू पटवारी

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने प्रदेश की औद्योगिक स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा की तथाकथित “डबल इंजन सरकार” पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि एक समय निवेश और औद्योगिक विकास का केंद्र बनने का सपना देखने वाला मध्यप्रदेश आज बेरोजगारी, तालाबंदी और आर्थिक संकट का प्रतीक बन चुका है।

श्री पटवारी ने औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर से आ रही चिंताजनक खबरों का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग 5,600 फैक्ट्रियां बंद होने की कगार पर हैं, 30,000 श्रमिकों का वेतन आधा कर दिया गया है,और 20,000 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह आंकड़े मात्र संख्या नहीं हैं, बल्कि प्रदेश के हजारों परिवारों की टूटी उम्मीदों और बुझते चूल्हों की सच्चाई हैं।

श्री पटवारी ने भाजपा सरकार से सवाल किया कि इन्वेस्टर्स समिट और बड़े-बड़े आयोजनों पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद प्रदेश की जनता को उसका वास्तविक लाभ क्यों नहीं मिल रहा? उद्योगों को प्रोत्साहन देने और रोजगार सृजन के जो दावे किए गए थे, वे आज पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के उद्योगपति और मजदूर दोनों ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, तब मुख्यमंत्री मोहन यादव की सरकार किस विकास का जश्न मना रही है? यह सरकार जमीनी हकीकत से पूरी तरह कटी हुई है और केवल प्रचार-प्रसार में लगी हुई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि
1. औद्योगिक क्षेत्र में आई इस मंदी पर सरकार तत्काल श्वेत पत्र जारी करे।
2. बंद हो रही इकाइयों को बचाने के लिए ठोस आर्थिक पैकेज दिया जाए।
3. बेरोजगार हुए श्रमिकों के पुनर्वास और रोजगार के लिए विशेष योजना लागू की जाए।
अंत में श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश के हर मजदूर, कर्मचारी और छोटे उद्योगपति के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक पूरी मजबूती से लड़ेगी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles