भोपाल । नर्सिंग घोटाला मामले में मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने आज कांग्रेस नेता टीटी नगर थाने पहुंचे और शिकायती आवेदन देकर जल्द एफआईआर करने की मांग की।
मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ टीटी नगर थाने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के साथ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी पहुंचे। उन्होंने सारंग पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। जिस वक्त दोनों नेता थाने के अंदर एफआईआर के लिए शिकायती आवेदन दे रहे थे उसी समय कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। थाने में शिकायत देने के बाद दोनों नेता चले गए।
मंत्री समर्थकों ने भी की नारेबाजी
जिस दौरान कांग्रेस के नेता टीटी नगर थाने में मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ एफआईआर कराने शिकायती आवेदन दे रहे थे उसी समय विश्वास सारंग के समर्थक भी थाने पहुंच गए। उन्होंने विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे के खिलाफ जमकर नारे बाजी की। कांग्रेस नेता थाने में पुलिस अफसरों से चर्चा कर बाहर निकलने लगे तभी करीब एक दर्जन महिलाएं थाने पहुंची। महिलाओं ने उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए।
MP: नर्सिंग घोटाले को लेकर मंत्री विश्वास सारंग के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने थाने पहुंचे कांग्रेसी
