MP: कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक, घोटालों पर आक्रामक होगी कांग्रेस

दिग्गी,पटवारी,उमंग,जितेन्द्र सिंह मौजूद, कमलनाथ-तन्खा वर्चुअल जुड़े
भोपाल। कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हो रही है। अब घोटालों पर कांग्रेस और आक्रामक होगी, इसे लेकर लंबी चर्चा हुई है। मप्र में नर्सिंग घोटाले, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी, नीट फर्जीवाड़े सहित तमाम मुद्दों को लेकर कांग्रेस और ज्यादा आक्रामक होगी। भोपाल के बाद प्रदेश के सभी जिलों में इन मुद्दों पर धरना-प्रदर्शन आंदोलन किए जाएंगे।
इस बैठक में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कांतिलाल भूरिया सहित कमेटी के अनेक सदस्य मौजूद हैं। पीएसी की बैठक में पूर्व सीएम कमलनाथ और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने वर्चुअल जुडक़र अपनी बात कही।
लोकसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस में लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। आज भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक हो रही है। बैठक में कांग्रेस के सह प्रभारी सीपी मित्तल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, विक्रांत भूरिया, बाला बच्चन, अशोक सिंह, फूल सिंह बरैया, मीनाक्षी नटराजन, हिना कांवरे, कमलेश्वर पटेल, राजीव सिंह, डॉ विजयलक्ष्मी साधौ, प्रियव्रत सिंह, आरिफ मसूद, केपी सिंह, सिद्धार्थ कुशवाहा शामिल हुए हैं।
नीट-नर्सिंग घोटाले के पीडित छात्रों से मिलेंगे कांग्रेस नेता
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के निर्देश पर अब सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी नीट और नर्सिंग घोटाले में उलझे स्टूडेंट़्स से मिलकर उनके साथ प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन देंगे। पटवारी ने सभी जिलाध्यक्षों को इस संबंध में पत्र भी लिखा है।




