MP: कांग्रेस विधायक को दिला दी मंत्री पद की शपथ… BJP सरकार पर भड़के जीतू पटवारी
भोपाल । प्रदेश के मोहन यादव मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेने वाले रामनिवास रावत चर्चा में हैं. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि लोकतंत्र की परंपराओं की अनदेखी करते हुए कांग्रेस विधायक को बीजेपी सरकार में मंत्री बना दिया गया. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने रामनिवास रावत के अब भी कांग्रेस विधायक होने का दावा किया है.
जीतू पटवारी ने ‘X’ पर लिखा, ”यह स्थापित परंपरा है कि सरकार और विपक्ष अलग होते हैं, लेकिन लोकतंत्र की हत्या व कुर्सी की सौदेबाज़ी के लिए कुख्यात बीजेपी ने कांग्रेस विधायक को ही मंत्री पद की शपथ दिला दी! यह लोकतंत्र और संविधान का प्रमाणिक अपमान है. जबकि, कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने के लिए भी विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष पर्याप्त आधार एवं प्रमाणिकता के साथ प्रतिवेदन दिया था. दुर्भाग्य से उन्होंने भी कर्तव्य-पालन नहीं किया।
महामहिम राज्यपाल को भी संविधान-लोकतंत्र की परंपराओं का पालन करना था. क्योंकि, वे दल नहीं, संविधान के आदेश पालन के लिए नियुक्त किए गए हैं. लेकिन, संविधान के शीर्ष पद से भी असहमति दर्ज नहीं की गई. मैं मध्यप्रदेश की जनता को फिर बताना चाहता हूं कि यह कर्ज, क्राईम, करप्शन की सरकार है. यह बार-बार खरीद-फरोख्त और दलबदल की राजनीति का अपराध कर रही है.”
बता दें कि मध्य प्रदेश में सोमवार सुबह मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया. राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने राजभवन में एक संक्षिप्त समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में रामनिवास रावत को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा से 6 बार विधायक रहे रामनिवास रावत 30 अप्रैल को लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस छोड़कर सत्तारूढ़ दल BJP में शामिल हो गए थे. हालांकि, रावत BJP में शामिल हो गए, लेकिन उन्होंने अभी तक राज्य विधानसभा से इस्तीफा नहीं दिया है.
चुनावी रैली में बीजेपी में शामिल होने के बाद से रामनिवास रावत सत्तारूढ़ दल में शामिल होने की पुष्टि करने में हिचकिचा रहे थे. विधानसभा चुनाव के बाद 13 दिसंबर 2023 को पदभार ग्रहण करने वाले सीएम यादव ने 25 दिसंबर को अपने मंत्रिमंडल में 30 विधायकों को शामिल किया. रावत के शामिल होने के साथ ही मंत्रिमंडल की संख्या 31 हो गई है. बता दें कि एमपी सरकार की कैबिनेट में में कुल 34 मंत्री बन सकते हैं।





