Madhya Pradesh: डेढ़ करोड़ घरों पर तिरंगा फहराएगी भाजपा

वीडी शर्मा बोले- जिला स्तर पर बनेंगी समितियां, 11 अगस्त से तिरंगा यात्रा
भोपाल मध्यप्रदेश भाजपा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर डेढ़ करोड़ घरों पर तिरंगा फहराएगी। इसके लिए 11 अगस्त से तिरंगा यात्रा शुरू की जाएगी। जिला स्तर पर समितियां भी बनाई जाएंगी। यह बात भोपाल में मंगलवार को सुबह 11 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कही। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेन्द्र शुक्ल मौजूद रहे।
वीडी शर्मा ने कहा कि प्रदेश में लगभग डेढ़ करोड़ घर हैं। इन घरों में तिरंगा फहराने का काम भाजपा कार्यकर्ता करेंगे। हर घर तिरंगा अभियान के लिए जिला मंडल की अभियान समितियों का गठन किया जाएगा। प्रदेश स्तर पर अभियान की संयोजक राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार हैं। वहीं, सदस्य केशव भदौरिया, मनीषा सिंह, आशुतोष तिवारी और वैभव पवार शामिल हैं। शर्मा ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए वार्ड से लेकर पंच स्तर तक जनप्रतिनिधियों से चर्चा की जाएगी।
64,523 बूथों तक तिरंगा पहुंचाएंगे
बैठक में वीडी शर्मा ने कहा कि 64,523 बूथों तक तिरंगा पहुंचाएंगे। 7 अगस्त को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी। 11, 12 और 13 अगस्त को प्रदेश भर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि तिरंगे के साथ सेल्फी सोशल मीडिया पर भी अपलोड करें। मंच का संचालन प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने किया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles