Lok Sabha Election: खजुराहो में इंडी गठबंधन व भाजपा के बीच हो सकता है कड़ा मुकाबला

भोपाल। ‘इंडी’ गठबंधन में खजुराहो सीट समाजवादी पार्टी (सपा) को मिली है। इस सीट पर ‘इंडी’ गठबंधन का भाजपा के साथ कड़ा मुकाबला हो सकता है। यह बात विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिले मतों के आधार पर कही जा रही है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा की आठ सीटें आती हैं। गत विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर वर्तमान में ‘इंडी’ गठबंधन में शामिल कांग्रेस, सपा और आप के प्रत्याशियों के मुकाबले भाजपा को 68 हजार मत ही अधिक मिले थे।

विधानसभा चुनाव के आकड़े
लगभग चार माह पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को यहां की सीटों पर कुल 66 हजार 256 मत ही मिले थे। विधानसभा चुनाव में आठों सीटों पर भाजपा जीती थी। उसे सात लाख एक हजार 490 मत मिले थे, जबकि कांग्रेस, सपा और आप को मिलाकर छह लाख 33 हजार 34 मत मिले थे। सपा ने अभी इस सीट से प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। सपा विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर उम्मीद का रास्ता खोज रही है।
सबसे बड़ी चुनौती कांग्रेस का शत-प्रतिशत वोट शेयर सपा को हस्तांतरित कराने की होगी। इसके लिए सपा और कांग्रेस संयुक्त रणनीति बना रही है। खजुराहो लोकसभा सीट के अंतर्गत दो विधानसभा सीटें चांदला और गुनौर अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हैं।
सपा की स्थिति
चांदला से सपा उम्मीदवार पुष्पेंद्र अहिरवार को सर्वाधिक 24,977 राजनगर में 6,353, पवई में 2,896, पन्ना में 2,877, विजयराघवगढ़ में 1,538, मुड़वारा में 396, गुनौर में 3,892 और बोहरीबंद में 21,598 मत मिले थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी यहां से सपा प्रत्याशी वीर सिंह को 40 हजार 77 मत ही मिले थे। यानी विधानसभा चुनाव परिणाम की दृृष्टि से देखें तो सपा की स्थिति पिछले चुनाव की तुलना में अच्छी हो सकती है।
गठबंधन के चलते सपा को कांग्रेस मतदाताओं से बड़ी उम्मीद है, पर पिछले लोकसभा चुनाव के परिणाम देखें तो कांग्रेस प्रत्याशी महारानी कविता सिंह को तीन लाख 18 हजार 757 मत ही मिले थे। भाजपा के विष्णु दत्त शर्मा उनसे चार लाख 92 हजार मतों से जीते थे।