Supreme court: चंद्रचूड़ के बाद अगला CJI कौन…?

नई दिल्ली। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया डीवाई चंद्रचूड़ 10 नवंबर 2024 को अपने पद से रिटायर हो जाएंगे. उन्होंने 9 नवंबर 2022 को भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश की कुर्सी संभाली थी और 2 साल पद पर रहे. सुप्रीम कोर्ट के जजों की सीनियॉरिटी लिस्ट पर नजर डालें तो अगले 8 सालों में जस्टिस चंद्रचूड़ के बाद सिर्फ जस्टिस जेबी पारदीवाला इकलौते जज होंगे, जो 2 साल से ज्यादा चीफ जस्टिस की कुर्सी पर रहेंगे. इसके अलावा ऐसा कोई सीजेआई नहीं होगा, जो 1 साल से ज्यादा कुर्सी पर रहे।

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सुप्रीम कोर्ट के सर्वेसर्वा होते हैं. CJI ‘मास्टर ऑफ रोस्टर’ होते हैं और उनके पास दो या दो जजों से ज्यादा की बेंच गठित करने और उन्हें केस असाइन करने का अधिकार होता है. चीफ जस्टिस ही सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के प्रमुख भी होते हैं, जो सुप्रीम कोर्ट से लेकर हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति की सिफारिश करती है. इसके अलावा चीफ जस्टिस सुप्रीम कोर्ट के तमाम प्रशासनिक कामकाज भी देखते हैं।

भारत में सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट में जजों की नियुक्ति कॉलेजियम सिस्टम के जरिए होती है. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के अलावा चार वरिष्ठतम जज होते हैं. यही सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट में जजों की नियुक्ति की सिफारिश करती है. साथ ही जजों के तबादल पर भी कॉलेजियम ही फैसला लेती है।

चंद्रचूड़ के बाद कौन बनेगा CJI
सीजेआई चंद्रचूड़ के बाद जस्टिस संजीव खन्ना सीनियॉरिटी लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं और वह अगला चीफ जस्टिस बनने की कतार में हैं. अगर सीनियरिटी प्रिंसिपल यानी वरिष्ठता के सिद्धांत का पालन किया गया तो जस्टिस संजीव खन्ना 11 नवंबर 2024 को देश के 51वें चीफ जस्टिस बनेंगे. उनका कार्यकाल 6 महीने का होगा और 13 मई 2025 को रिटायर होंगे।जस्टिस संजीव खन्ना (Justice sanjiv khanna), जनवरी 2019 में दिल्ली हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट में आए थे. यहां करीब साढ़े चार साल के कार्यकाल में तमाम अहम फैसले सुना चुके हैं. 358 बेंच का हिस्सा रहे हैं और 90 जजमेंट दे चुके हैं।

2030 तक और कौन CJI बनेगा?
जस्टिस खन्ना के बाद अगला नंबर जस्टिस बी.आर. गवई का होगा, जो 14 मई 2025 को सीजेआई बनेंगे. इनका कार्यकाल 6 महीने से भी कम का होगा और 23 नवंबर 2025 को रिटायर हो जाएंगे. यानी साल 2025 में देश को दो सीजेआई मिलेंगे।इसके बाद जस्टिस सूर्यकांत का नंबर आएगा. वरिष्ठता के आधार पर नियुक्ति हुई तो जस्टिस सूर्यकांत (Justice Surya Kant) 24 नवंबर 2025 को 14 महीने (1.2 साल) के लिए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया बनेंगे. जस्टिस सूर्यकांत के बाद जस्टिस विक्रम नाथ सीजेआई बनने की कतार में हैं, जो 7 फरवरी 2027 से 23 सितंबर 2027 तक कुर्सी पर रहेंगे. इसके बाद जस्टिस बीवी नागरत्ना (36 दिन), जस्टिस पीएस नरसिम्हा (करीब 6 महीने), जस्टिस जेबी पारदीवाला (2 साल से ज्यादा) और जस्टिस केवी विश्वनाथन (करीब 10 माह का कार्यकाल होगा) का नंबर आएगा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles